देश में इस समय लोक सभा चुनाव का माहौल चल रहा है। जहाँ सभी राजनीतिक पार्टी दिन रात एक कर अपने मतदाता बढ़ा रही है और लगातार उम्मीदवारों की सूची जारी कर रही है, वही अलग अलग कला के क्षेत्रों से भी दिग्गज राजनीती की दुनिया की तरफ रुख कर रहे हैं। पहले पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने भाजपा में कदम रखा और अब डांसर-अभिनेत्री सपना चौधरी भी कांग्रेस में शामिल हो गयी हैं।
वह शनिवार को दिल्ली में पार्टी में आधिकारिक रूप से शामिल हो गयी। उनके पार्टी में आने से ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह मथुरा से लोक सभा चुनाव लड़ सकती हैं। मथुरा में बॉलीवुड सुपरस्टार हेमा मालिनी सांसद हैं और इस बार भी पार्टी ने उन्हें ही टिकट दिया है। इसका मतलब ये है कि अगर वह मथुरा से चुनाव लड़ती हैं तो उनका सामना ड्रीम गर्ल से होगा।
यहाँ तक कि सपना से जुड़े सूत्रों ने भी यही बताया है कि उन्होंने इसी विश्वास के साथ पार्टी में कदम रखा है कि वह मथुरा से चुनाव लड़ेंगी। हालांकि, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जब कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि सपना की उम्मीदवारी पर आज बयान जारी किया जाएगा। उन्हें पहले पार्टी हाईकमान से मंजूरी लेनी पड़ेगी।
अब सपना के करियर के बारे में बात की जाये तो, उन्होंने कई मशहूर हरयाणवी गाने पर डांस किया है। उनके ‘सॉलिड बॉडी’, ‘चेतक’, ‘तेरी आंख्या का यो काजल’ समेत और भी कई गाने लोगों की जुबान पर चढ़े हुए हैं और हरियाणा में बच्चा बच्चा उनके बारे में जानता है।
हालांकि, जब वह टीवी रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ में प्रतियोगी बनकर आई तो उनकी लोकप्रियता देशव्यापी हो गयी। उन्हें पूरे देशभर में लोग जानने लगे। उसके बाद उन्होंने बॉलीवुड में भी गीत ‘हट जा ताऊ’ से डेब्यू किया। और बाद में फिल्म ‘दोस्ती के साइड इफेक्ट्स’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा।
Add Comment