Fri. Apr 19th, 2024
    "केसरी" बॉक्स ऑफिस कलेक्शन दिन 2: गिरावट के बाद भी कमाए 16.70 करोड़ रूपये

    अक्षय कुमार और परिणिति चोपड़ा अभिनीत फिल्म “केसरी” ने बॉक्स ऑफिस पर आग लगा दी है। फिल्म ने पहले दिन ही साल की बाकी फिल्मों को पीछे छोड़ 21.06 करोड़ रूपये का व्यापार कर लिया है। और अब इसके दूसरे दिन भी वह मजबूती से आगे बढ़ रही है। हालांकि, पहले दिन के मुकाबले दूसरे दिन का कलेक्शन 20% कम था।

    फिल्म समीक्षक और व्यापार विश्लेषक तरन आदर्श के अनुसार, फिल्म “केसरी” शनिवार और रविवार को और ज्यादा कमाई करने वाली हैं जिससे पहले वीकेंड तक ये एक अच्छा-ख़ासा कलेक्शन तैयार कर लेगी।

    उन्होंने ट्वीट कर फिल्म के दूसरे कलेक्शन की जानकारी दी। उनके मुताबिक, “केसरी दिन 2 पर सॉलिड है। कार्य दिवस में गिरावट – छुट्टी के बाद – आम है, लेकिन इस बार गिरावट कम है। दिन 3 और 4 पर बड़ी संख्या में स्कोर करेंगे। अपने विस्तारित सप्ताहांत में बड़ा टोटल कलेक्शन करने वाली है। गुरुवार-21.06 करोड़, शुक्रवार-16.70 करोड़। कुल-37.76 करोड़। भारत में।”

    जिस रफ़्तार से फिल्म आगे बढ़ रही है, ये कहना गलत नहीं होगा कि वह जल्द रणवीर सिंह और आलिया भट्ट अभिनीत फिल्म ‘गली बॉय‘ (72.45 करोड़ रूपये) और अजय देवगन और रितेश देशमुख अभिनीत फिल्म ‘टोटल धमाल’ (62.40 करोड़ रूपये) को भी पछाड़ शीर्ष स्थान पर जगह बना लेगी।

    दिल बोले हड़प्पा फेम अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित फिल्म “केसरी” 1897 में हुए सारागढ़ी के युद्ध पर आधारित है।  मानव जाति के इतिहास में अब तक की गई सबसे भीषण लड़ाइयों में से एक, इसमें ब्रिटिश भारतीय दल के 21 सिख सैनिकों को 10,000 अफगान आक्रमणकारियों की सेना से लड़ते देखा गया था। शहीद होने से पहले, सिखों ने दुश्मन के 900 सैनिकों को खत्म करने में कामयाबी हासिल की थी।

    फिल्म “केसरी” धरमा प्रोडक्शंस, केप ऑफ गुड फिल्म्स और एज़्योर एंटरटेनमेंट द्वारा संयुक्त रूप से निर्मित की गयी है जो इस गुरुवार को होली के मौके पर रिलीज़ की गयी थी।

     

    By साक्षी बंसल

    पत्रकारिता की छात्रा जिसे ख़बरों की दुनिया में रूचि है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *