Sun. Apr 28th, 2024

    राहुल गांधी की ‘रेप इन इंडिया’ टिप्पणी पर शुक्रवार को लोकसभा में भारी हंगामा हुआ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों ने इस टिप्पणी की निंदा की और राहुल गांधी से माफी की मांग की। यह मुद्दा संसदीय मामलों के राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने उठाया। मेघवाल ने कहा कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ के नारे को ‘रेप इन इंडिया’ (भारत में दुष्कर्म) करार दिया।

    उन्होंने कहा, “क्या वह लोगों को भारत में दुष्कर्म करने के लिए बुला रहे हैं? इसका क्या मतलब है? यह शर्मनाक है। उन्हें देश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।”

    केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी के ‘रेप इन इंडिया’ (भारत में दुष्कर्म) वाली टिप्पणी पर उन्हें निशाने पर लिया और इसे दुखद बताया और कहा कि कांग्रेस नेता दुष्कर्म पर राजनीति कर रहे हैं। स्मृति ने राहुल की मां व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से राहुल को सलाह देने और उनका मार्गदर्शन करने का आग्रह किया है। स्मृति ने पूर्व कांग्रेस प्रमुख के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

    लोकसभा के अंदर राहुल पर निशाना साधते हुए ईरानी ने कहा, “देश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि गांधी परिवार के किसी व्यक्ति ने महिलाओं का अपमान करने और उनके दुष्कर्म का आह्वान करने की धृष्टता की है।

    उन्होंने कहा, “हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार है कि कोई नेता जोर-शोर से कह रहा है कि भारतीय महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया जाना चाहिए। क्या उनके कहने का यह मतलब है कि भारत में हर पुरुष महिलाओं का दुष्कर्म करना चाहता है? क्या यह राहुल गांधी का देश के लोगों को संदेश है?”

    संसद के बाहर मीडिया से बातचीत में ईरानी ने कहा कि कांग्रेस नेता इस हद तक कैसे गिर सकते हैं, जिनकी टिप्पणी का मतलब ‘पुरुषों को भारत में दुष्कर्म करने के लिए आमंत्रित करने जैसा है।’

    ईरानी ने कहा कि महिलाएं किसी की निजी संपत्ति नहीं हैं और उन्हें (राहुल को) पता होना चाहिए कि अगर कोई महिलाओं के साथ दुष्कर्म के लिए उकसाता है, तो महिलाओं को पता है कि उन्हें कैसे उचित जवाब देना है।

    डीएमके सांसद कनिमोझी ने कहा कि यह बयान ‘संसद के बाहर’ दिया गया था। इस पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध के खिलाफ आवाज उठाना कम से कम एक ऐसा काम है, जो एक सांसद कर सकता है।

    स्मृति ईरानी ने कहा, “मैं बहुत निराश हूं कि एक महिला होने पर भी आप (कनिमोझी) पार्टी लाइन से परे नहीं जा सकती हैं और महिलाओं के खिलाफ अपराध पर अपनी आवाज नहीं उठा सकती हैं।”

    लेकसभा में भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने राहुल गांधी के बयान का विरोध करते हुए कहा कि, मोदी जी ने कहा ‘मेक इन इंडिया’ लेकिन राहुल जी ने कहा ‘रेप इन इंडिया’, वह हर किसी का स्वागत कर रहे हैं कि आओ और हमारा बलात्कार करो। यह एक अपमान है भारतीय महिलाएं और भारत माता के लिए।

    लोकसभा के साथ-साथ राज्यसभा में राहुल गांधी के ‘रेप इन इंडिया’ वाले बयान को लेकर हंगाना हुआ। राज्यसभा में भाजपा के कुछ सांसदों ने उनके बायन को लेकर ‘राहुल गांधी माफी मांगो’ के नारे लगाए। जिस पर राज्यसबा सभापति वैंकेया नायडू ने कहा कि, आप ऐसे व्यक्ति का नाम नहीं ले सकते, जो कि इस सदन का सदस्य नहीं है। किसी के पास भी सदन के व्यवसाय को बधित करने का अधिकार नहीं है।

    गौरतलब है, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने झारखंड के गोड्डा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि  ”नरेंद्र मोदी ने कहा था ‘मेक इन इंडिया’ लेकिन आजकल आप जहां कहीं भी दिखते हैं, वहां ‘रेप इन इंडिया’ है। उत्तर प्रदेश में नरेंद्र मोदी के एक विधायक ने एक महिला के साथ बलात्कार किया। फिर वह एक दुर्घटना की शिकार हुई, लेकिन नरेंद्र मोदी ने एक शब्द भी नहीं कहा।”

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *