Sat. Apr 27th, 2024
    पाकिस्तानी आतंकवादी संयुक्त राष्ट्र

    मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद ने संयुक्त राष्ट्र संघ में खुद के ऊपर लगे आतंकवादी के दाग को हटाने के लिए याचिका दायर की है। लश्कर-ए-तैयबा संस्थापक व जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद ने याचिका के जरिए संयुक्त राष्ट्र से कहा है कि उन्हें नामित आतंकवादियों की सूची से हटा दिया जाए। इस याचिका की पुष्टि भी की जा चुकी है।

    गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने मुंबई हमलो के मास्टरमाइंड हाफिज सईद का नामित आतंकवादियों की सूची में नाम 10 दिसंबर 2008 को रखा था।

    हाफिज सईद के नाम को संयुक्त राष्ट्र की सूची में से हटाने के लिए पाक में लाहौर की मिर्जा एंड मिर्जा फर्म ने याचिका दायर की थी। बैरिस्टर हैदर रसूल मिर्जा संयुक्त राष्ट्र में हाफिज सईद के वकील है। इन्होंने भी याचिका दायर करने की पुष्टि की है।

    उन्होंने कहा कि वो इस बारे में ज्यादा बात नहीं कर सकते है क्योंकि उनके क्लाइंट ने इस बारे में उन्हें अनुमति नहीं दे रखी है। यूएनएससी की वेबसाइट के अनुसार हाफिज सईद को लश्कर-ए-तैयबा और अलकायदा के साथ जुड़ाव के लिए प्रतिबंध किया गया था।

    आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने का है आरोप

    हाफिज पर आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने, वित्त की मदद करने, आतंकी योजना बनाने व संबंधित गतिविधियों को करने के एवज में इस सूची में इसे शामिल किया गया था। मई 2005 में संयुक्त राष्ट्र ने लश्कर-ए-तैयबा पर प्रतिबंध लगा दिया था।

    अमेरिका ने भी सईद को एक आतंकवादी के रूप में नामित किया है और उसके ऊपर 65 करोड़ रूपये का इनाम घोषित किया हुआ है। संयुक्त राष्ट्र में हाफिज के नाम को आतंकवादी सूची से हटाने की याचिका के बारे में हाफिज के वकील ने संयुक्त राष्ट्र की प्रतिक्रिया के बारे में कुछ भी नहीं बताया है।

    आवेदन की मांग को हटाने के लिए छह महीने तक समय भी लग सकता है। गौरतलब है कि हाल ही में हाफिज सईद को पाकिस्तान की अदालत ने रिहा किया था।

    जिसके बाद भारत व अमेरिका सहित कई देश पाकिस्तान पर बुरी तरह से गुस्सा है। वहीं अब हाफिज सईद ने रिहाई के बाद संयुक्त राष्ट्र में याचिका भी दायर कर दी है।