Fri. Apr 26th, 2024
    भारतीय सेना

    भारत और चीन के बीच बढ़ते विवाद पर आज सेना ने सीमा पर सैनिक संख्या को बढ़ाने का फैसला किया है। भारत ने चीन से लगती सिक्किम से अरुणाचल प्रदेश तक की सीमा पर सैनिकों की तैनाती बढ़ा दी है। सेना के एक गुप्त सूत्र ने इसकी जानकारी दी है। रिपोर्ट में कहा गया कि सीमा पर सैनिकों को सावधान रहने के लिए कहा गया है। आये दिन चीन की बढ़ती धमकियों और आक्रामक रुख को देखकर सेना ने ऐसा फैसला किया है।

    जाहिर है डोकलाम में सेना और चीनी सेना के बीच विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। ऐसे में आये दिन इस विवाद पर दोनों और से बयानबाजी हो रही है। चीनी सरकार और मीडिया आक्रामक रुख अपनाते हुए भारत को लगातार युद्ध की धमकी दे रहे हैं। ऐसे में भारत ने भी युद्ध के लिए अपनी कमर कस ली है। भारत ने चीन से लगती 1400 किमी की सीमारेखा पर चौकसी बढ़ा दी है। एक रिपोर्ट के अनुसार सेना को सीमा पर से संवेदनशील जानकारी मिली है जिसके चलते सेना ने ऐसा फैसला किया है।

    डोकलाम में चीनी सेना

    युद्ध को ध्यान में रखते हुए सेना ने करीबन 45000 सैनिकों को ट्रेनिंग देने की बात कही है। इस ट्रेनिंग में सैनिकों को कठिन परिस्थितयों में युद्ध लड़ने की ट्रेनिंग दी है। सेना की एक विशेष टुकड़ी को करीबन 9000 फ़ीट की ऊंचाई पर युद्ध से सम्बन्घित अभ्यास करवाया। हालाँकि सेना ने यह साफ़ कर दिया है कि डोकलाम में सैनिकों की संख्या में कोई बढ़ोतरी नहीं की गयी है। डोकलाम में अभी भी 350 भारतीय सैनिक तैनात हैं।

    सम्बंधित: भारत चीन सम्बन्ध

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।