Fri. May 3rd, 2024
विधानसभा उपचुनाव

देश के 3 राज्यों की 4 विधानसभा सीटों पर 23 अगस्त को विधानसभा उपचुनाव हुए थे। इन 4 सीटों में से 2 सीटें गोवा राज्य की थी वहीं एक सीट आंध्र प्रदेश और एक सीट दिल्ली की थी। आज इन उपचुनावों की मतगणना हो रही रही है। हालिया रुझानों के बाद गोवा की पणजी सीट से भाजपा उम्मीदवार और गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर विजयी घोषित किये गए हैं। पर्रिकर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी से 4,803 मतों से जीत हासिल की। कांग्रेस ने पणजी सीट से मनोहर पर्रिकर के खिलाफ राहुल गाँधी के करीबी माने जाने वाले गिरीश चंदोनकर को मैदान में उतारा था। वहीं गोवा की एक अन्य सीट वालपोई से भाजपा ने विश्वजीत राणे को चुनावी मैदान में उतारा था। उनका सीधा मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार रवि नायक से था। ताजा नतीजों के मुताबिक़ गोवा सरकार के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे वालपोई से 10,066 मतों से चुनाव जीत गए हैं।

बवाना में बदला गणित

इन उपचुनावों में मनोहर पर्रिकर की पणजी सीट के बाद जिस सीट की सबसे ज्यादा चर्चा थी वह थी दिल्ली की बवाना सीट। मतदाताओं के लिहाज से बवाना दिल्ली की सबसे बड़ी विधानसभा सीट है। यह सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। आप विधायक वेद प्रकाश के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हुई थी। इस सीट पर भाजपा ने आप छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व विधायक वेद प्रकाश को मैदान में उतारा है। वहीं आप ने रामचंद्र को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने शीला दीक्षित के दौर में तीन बार बवाना से विधायक रह चुके सुरेंद्र कुमार को मैदान में उतारा है।

विधानसभा उपचुनाव
विधानसभा उपचुनाव

पहले इस सीट पर भाजपा और आप में सीधी टक्कर मानी जा रही थी पर मतगणना शुरू होने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में रुझान आने से यहाँ का गणित बदल गया है। कांग्रेस उम्मीदवार सुरेंद्र कुमार 19,387 मतों के साथ सबसे आगे चल रहे हैं। आप उम्मीदवार रामचंद्र 19,095 मतों के साथ दूसरे और भाजपा उम्मीदवार वेद प्रकाश 14,136 मतों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। इस सीट पर 45 फ़ीसदी मतदान हुआ था जो पिछली बार के 61.83 फ़ीसदी के मुकाबले काफी कम था। दिल्ली विधानसभा में इस समय कांग्रेस का कोई भी विधायक नहीं है और बवाना सीट जीतकर कांग्रेस अपना खाता खोलने की उम्मीद में है। इसी साल हुए राजौरी गार्डन विधानसभा उपचुनावों में भाजपा ने जीत दर्ज की थी और विधानसभा में उसके सदस्यों की संख्या 4 हो गई थी। कांग्रेस राजौरी गार्डन में दूसरे नंबर पर रही थी।

नंदयाल में टीडीपी आगे

आंध्र प्रदेश की नंदयाल सीट से सत्ताधारी दल टीडीपी के उम्मीदवार भूमा ब्रह्मानंद रेड्डी आगे चल रहे हैं। सातवें दौर की मतगणना के बाद अपने निकटतम प्रतिद्वंदी से उन्होंने 17,206 मतों की बढ़त बना ली है। वाईएसआर कांग्रेस उम्मीदवार 17,955 मतों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। आंध्र प्रदेश में टीडीपी-भाजपा का गठबंधन है और यह तय माना जा रहा था की उपचुनावों में टीडीपी उम्मीदवार बड़ी जीत दर्ज करने में सफल रहेंगे। यहाँ चुनावों में मतदाता सत्यापन पत्र ऑडिट ट्रेल का इस्तेमाल किया गया था।

 

By हिमांशु पांडेय

हिमांशु पाण्डेय दा इंडियन वायर के हिंदी संस्करण पर राजनीति संपादक की भूमिका में कार्यरत है। भारत की राजनीति के केंद्र बिंदु माने जाने वाले उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु भारत की राजनीतिक उठापटक से पूर्णतया वाकिफ है। मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद, राजनीति और लेखन में उनके रुझान ने उन्हें पत्रकारिता की तरफ आकर्षित किया। हिमांशु दा इंडियन वायर के माध्यम से ताजातरीन राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचारों को आम जन तक पहुंचाते हैं।