Fri. Apr 26th, 2024
    रिलायंस इंडस्ट्रीज मुकेश अम्बानी

    धीरुभाई अम्बानी द्वारा शुरू की गयी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज नें अपने 40 साल पुरे कर लिए हैं। इस दौरान कंपनी के वर्तमान चेयरमैन और धीरुभाई अम्बानी के बड़े बेटे मुकेश अम्बानी का कहना है कि उनका सपना है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज विश्व की सबसे बड़ी 20 कंपनियों में शामिल हो।

    आपको बता दें कल मुंबई में रिलायंस के 40 साल पुरे होनें पर भव्य आयोजन किया गया था। इस दौरान बड़े-बड़े बॉलीवुड दिग्गज जैसे अमिताभ बच्चन, शाहरुख़ खान, सोनू निगम आदि शामिल हुए थे। मुकेश अम्बानी भी अपने पुरे परिवार के साथ इसमें शरीक हुए। इस दौरान मुकेश नें अपने पिता धीरुभाई अम्बानी की 85वी वर्षगाँठ भी मनाई। मुकेश नें इस दौरान रिलायंस के भविष्य के बारे में बात की और कंपनी की आगामी योजनाओं से सभी को अवगत कराया।

    अपने भाषण के दौरान मुकेश अम्बानी ने कहा, “आज मैं जो भी हूँ, रिलायंस की वजह से हूँ।” अपने पिता के बारे में मुकेश नें कहा, “मेरे पिता एक महान आदमी थे, जो सभी के लिए प्रेरणा स्त्रोत हैं। कल, आज और कल – हमें हमेशा उनके दिखाए पद-चिन्हों पर चलना चाहिए। इस पावन बेला पर मैं सभी की तरफ से उन्हें कोटि कोटि प्रणाम करता हूँ।”

    इस दौरान मुकेश अम्बानी नें कंपनी के भविष्य के बारे में बात की। अम्बानी नें साफ़ ऊर्जा के महत्व के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इंधन की जगह साफ़ और पुन: प्रयोज्य ऊर्जा काम में आएगी। उन्होंने इस क्षेत्र में अपनी आकंशायें बताते हुए कहा, “क्या रिलायंस भारत में साफ़ ऊर्जा देने वाली सबसे बड़ी कंपनी बन सकती है? हाँ हम बन सकते हैं और हम बनेंगे।”

    इसके बाद अम्बानी नें पिछले साल लांच की गयी कंपनी जिओ के बारे में बात की। उन्होंने लोगों को बताया कि किस तरह जिओ नें भारत की दिशा बदल दी है? उन्होंने कहा, “जिओ में यह क्षमता है कि वह पुरे भारत को मनोरंजन, वित्तीय सेवाओं, निर्माण, खेती, शिक्षा और स्वास्थ्य आदि क्षेत्रों में तकनीक की मदद से बदल सकती है।” उन्होंने फिर वहां मौजूद भीड़ से पूछा, “क्या जिओ ऐसे पहली कंपनी बन सकती है, कि वह एक पुरे देश को इन सभी क्षेत्रों में बदल सकती है? हां, हम कर सकते हैं और हम करेंगे।”

    अम्बानी नें इस दौरान कहा कि रिलायंस का सपना है कि वह विश्व की सबसे बड़ी 20 कंपनियों में शामिल हो। इस बारे में उन्होंने कहा, “आज रिलायंस ऊर्जा और खनीज के क्षेत्र में विश्व में सबसे आगे हैं। जिओ और रिटेल के आगमन से हम भारत में अपनी छाप छोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। क्या रिलायंस विश्व की सबसे बड़ी 20 कंपनियों में शामिल हो सकती है? हाँ हम हो सकते हैं, और हम होंगे।”

    इसके अलावा मुकेश अम्बानी नें कहा कि रिलायंस के पास वो क्षमता है, जो विश्व की किसी भी कंपनी में नहीं है। उन्होंने कहा, “अब जब हम अपने स्वर्णिम दशक में प्रवेश कर रहे हैं, रिलायंस एक ऐसी स्थिति में है कि हम वो सब कुछ हासिल कर सकते हैं, जिसके बारे में अन्य कंपनियां सिर्फ सपने देख सकती हैं।”

    अम्बानी नें इसके बाद कहा कि जिओ के पास भारत को शक्तिशाली देश बनाने की क्षमता है। इस सन्दर्भ में उन्होंने बताया, “रिलायंस के पास यह क्षमता है कि वह देश का मजबूत भागीदार बन सके। क्या रिलायंस और जिओ मिलकर भारत को शक्तिशाली देश बना सकते हैं? हां हम बना सकते हैं, और हम बनायेंगे।”

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।