Sat. Apr 27th, 2024

    भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों के लिए कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा। इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के इंडिया गेट पर धरने पर बैठने के सवाल पर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि इसी प्रकार की कोशिश पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी कर चुके हैं। उन्होंने कहा, “वह भी फेल हुए थे और प्रियंका भी फेल होंगी।”

    संबित पात्रा ने कहा, “ठीक इसी प्रकार राहुल गांधी जी भी कुछ साल पहले जेएनयू (जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय) परिसर में धरने पर बैठे थे, जहां भारत तेरे टुकड़े होंगे, इंशा अल्लाह, इंशा अल्लाह और अफजल हम शर्मिदा हैं तेरे कातिल जिंदा है जैसे नारे लगे थे।”

    उन्होंने कहा, “प्रियंका के इंडिया गेट पर धरने पर बैठने को, उस समय सांकेतिक धरने में बैठे राहुल के उस धरने के विस्तार के रूप में देखा जाना चाहिए। जेएनयू परिसर में कुछ घंटों तक बैठने के बाद राहुल जी ने जिस प्रकार का भ्रम फैलाने की कोशिश की, उसमें वह फेल हो गए। उस समय राहुल फेल हुए थे, अब प्रियंका गांधी फेल हो रही हैं।”

    पात्रा ने कहा, “अब प्रियंका गांधी भ्रम की राजनीति के लिए धरने पर बैठ रही हैं। वह देश में जिस प्रकार से नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करना चाहती हैं। यह तुष्टिकरण की राजनीति है, जो हिंदू-मुसलमान को बांटने का कार्य करती है और भाजपा इसकी निंदा करती है।”

    भाजपा प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टियां परेशानियां बढ़ाने के लिए छात्रों का उपयोग कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सीएए के मुद्दे पर देश को गुमराह करने का काम किया जा रहा है।

    उल्लेखनीय है कि जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में रविवार को घुसकर पुलिस द्वारा छात्रों पर की गई कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सोमवार को अचानक इंडिया गेट पर धरने पर बैठ गईं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *