Fri. Apr 26th, 2024

    गाज़ियाबाद के मुराद नगर में हुए भीषण हादसे पर प्रशासन सख्त हो गया है। उत्तर प्रदेश सरकार दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की तैयारी में है। मुराद नगर में एक श्मशान घाट का लेंटर गिरने से  25 लोगों की मौत हो गई थी। और इसका जिम्मेदार वह व्यक्ति है जिसको उस स्थान का टेंडर मिला था। दोषी का नाम अजय त्यागी बताया जा रहा है। साथ ही उसका एक और दोस्त भी इसमें शामिल है।

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने  हादसे के सभी आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्यवाही करने का निर्देश दिया है। इससे पहले कल ही प्रशासन ने कुछ सरकारी मुलाजिमों को भी हिरासत में लिया था। जिनमें ईओ निहारिका सिंह, जेई चंद्रपाल और सुपरवाइजर आशीष समेत दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। कल ही खुलासा भी हुआ था कि उस श्मशान घाट का टेंडर मुख्य आरोपी अजय त्यागी को मिलना पहले से ही तय था।

    वहीं आज प्रदेश सरकार ने ऐलान किया है कि दोषियों को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कठोरतम दंड दिया जाएगा। साथ ही मृतकों के परिजनों के लिए भी मुआवज़े का ऐलान किया गया है। योगी आदित्यनाथ ने 25 मृतकों के परिवार को 10,00,000 रुपए सहायता राशि देने का प्रावधान किया है। साथ ही जिन मृतकों के परिवारों के पास रहने को अपना मकान नहीं है उन्हें भी आवास प्रदान किए जाने की संभावना है।

    मुख्यमंत्री ने कहा है कि दोषियों पर तो राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगेगा ही साथ ही दोषी इंजीनियर व ठेकेदारों से ही नुकसान की वसूली भी की जाएगी। वहीं आरोपियों को ब्लैक लिस्ट भी किया जाएगा। योगी आदित्यनाथ इस मामले में सख्ती से पेश आ कर प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था की एक मिसाल पेश कर रहे हैं। ये घटना इतनी ज्यादा हृदय विदारक थी कि इसपर बहुत से बड़े नेताओं व हस्तियों ने शोक व्यक्त किया।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *