Fri. Apr 26th, 2024
    महिला हॉकी टीम भारत

    5 नवंबर, रविवार शाम जापान के काकामिगहारा कावासाकी स्टेडियम में खेले गए महिला हॉकी एशिया कप में भारतीय महिला हॉकी टीम ने बेहद रोमांचक फाइनल में चीन को हराकर एशिया कप जीत हासिल की। भारत ने यह खिताब 13 साल जीता है, पुरुष टीम ने भी पिछले महीने एशिया कप जीता है, भारतीय हॉकी के लिए यह इस साल के अंदर दूसरी सबसे बड़ी सफलता है।

    दरअसल, जापान में चल रहे महिला हॉकी एशिया कप के 9वें संस्करण में भारतीय महिला टीम ने 2009 की विजेता चीन को फाइनल मैच में हरा अपना बदला लिया। आपको बता दें साल 2009 में चीन ने भारत को एशिया कप के फाइनल मैच में 5-3 से मात देकर उसके हाथों से खिताब छीन लिया था। यह भारतीय महिला टीम की दूसरी खिताबी जीत है, इससे पहले यह कारनामा भारत ने 2004 में एशिया कप की मेजबानी करते हुए किया था।

    फाइनल का रोमांच कुछ ऐसा रहा कि, भारत को महिला खिलाडी ननजोत कौर ने 25वें मिनट में गोल कर 1-0 से आगे कर दिया, भारत जीत के करीब बढ़ रहा था, परन्तु चौथे क्वार्टर में 47वें मिनट में टिनाटियान लु ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करते हुए मुकाबले में बराबरी की। इसके बाद दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं और मैच पेनाल्टी शूटआउट में चला गया, जहां भारत की ओर से कप्तान रानी रामपाल के द्वारा मारे गए गोल से महिला हॉकी एशिया कप में भारत ने जीत हासिल की।

    भारतीय महिला टीम ने इस जीत के साथ ही 2018 में होने वाले महिला हॉकी वर्ल्ड कप के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है। भारतीय महिला टीम की इस ऐतिहासिक जीत के बाद सभी जगह से प्रतिक्रिया आ रही है, कुछ इसी प्रकार भारतीय प्रधानमंत्री श्री नरेंन्द्र मोदी ने भी महिला टीम को बधाई देते हुए ट्विटर पर ट्वीट किया कि “‘भारत उनके शानदार प्रदर्शन से खुश है”।