Fri. Apr 26th, 2024
    राहुल गाँधी मोदी

    बिहार में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के चुनाव को लेकर प्रचार अभियान ने जोर पकड़ लिया है। इसी क्रम में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी बिहार पहुंच रहे हैं, जहां वे अपनी-अपनी चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अररिया लोकसभा के फारबिसगंज में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। उनकी सभा स्थानीय हवाई अड्डा परिसर में लगभग 11.30 बजे होगी। इसको देखते हुए पूरे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है।

    इस सभा में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रमुख रामविलास पासवान तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय भी हिस्सा लेंगे।

    इधर, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी शनिवार को बिहार पहुंचेंगे जहां दोपहर को वे सुपौल में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां वे कांग्रेस की प्रत्याशी और सुपौल से निवर्तमान सांसद रंजीत रंजन के लिए वोट मांगेगे।

    गांधी की इस सभा में हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी और कांग्रेस के कई नेताओं के शामिल होने की संभावना है। गांधी की चुनावी सभा को लेकर आवश्यक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

    बिहार में लोकसभा चुनाव के सभी सात चरणों में मतदान होना है। सुपौल और अररिया में तीसरे चरण यानी 23 अप्रैल को मतदान होगा। 23 मई को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *