Fri. Apr 26th, 2024
    BJP

    पटना, 19 मई (आईएएनएस)| लोकसभा चुनाव 2019 के परिणाम आने में अभी कुछ दिन शेष हैं, परंतु रविवार को अंतिम चरण के मतदान के बाद कई एग्जिट पोल के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को बिहार में सबसे अधिक सीटें मिल रही हैं।

    एक्जिट पोल के बाद राज्य के भाजपा नेता जहां उत्साहित हैं, वहीं महागठबंधन इन एग्जिट पोल पर भरोसा करने को तैयार नहीं है।

    एबीपी न्यूज के एग्जिट पोल के मुताबिक, बिहार में भाजपा नीत राजग को इस बार 34 सीटें मिल सकती हैं, जबकि विपक्षी महागठबंधन को मात्र छह सीटों से संतोष करना पड़ सकता है।

    टाइम्स नाउ-वीएमआर के एक्जिट पोल में राजग को 30 से अधिक, जबकि महागठबंधन को 10 से अधिक सीटें मिल सकती हैं।

    आज तक के एक्जिट पोल में बिहार में भाजपा नीत राजग को क्लीन स्वीप का दावा किया गया है। सर्वे के मुताबिक, राजग को बिहार की 40 सीटों में से 38-40 सीटें, जबकि महागठबंधन को 0-2 सीटें मिल सकती हैं।

    एक्जिट पोल को राजग नेताओं ने हकीकत के करीब बताया है, जबकि महागठबंधन के नेता इसे हकीकत के बहुत दूर बता रहे हैं। भाजपा के विधानपार्षद और मीडिया टीम के उपप्रभारी संजय मयूख ने कहा कि राजग एक्जिट पोल में बताई गई सीटों से भी अधिक सीटें लाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार में ही नहीं पूरे भारत में राजग के पक्ष में मतदान हुआ है।

    जद (यू) के प्रवक्ता नीरज कुमार भी एक्जिट पोल को हकीकत के करीब बताते हैं। “राजग के नेता विकास को लेकर मतदाताओं के पास पहुंचे थे, जिसे मतदाताओं ने स्वीकार किया है। लेकिन हमें चुनाव परिणाम 23 मई तक इंतजार करना चाहिए।”

    राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी इस एक्जिट पोल को नकारते हुए कहते हैं कि यह कुछ लोगों के बीच का सर्वे हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि सरकार महागठबंधन की बनेगी और बिहार में महागठबंधन सभी 40 सीटों पर जीत दर्ज करेगा।

    उल्लेखनीय है कि बिहार में भाजपा के साथ जहां जद (यू) और लोजपा है, वहीं कांग्रेस के साथ राजद, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) सहित कई छोटे दल हैं।

    लोकसभा चुनाव 2014 में भाजपा को 22 सीटें हासिल हुई थीं, जबकि राजद को चार सीटों पर ही संतोष करना पड़ा था। नीतीश कुमार की पार्टी जद (यू) उस चुनाव में अकेले चुनाव लड़ी थी और मात्र दो सीटें हासिल कर पाई थी। पिछले चुनाव में कांग्रेस दो सीटें जीत पाई थी, जबकि लोजपा छह और रालोसपा को तीन सीटें मिली थीं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकपा) को एक सीट मिली थी।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *