Sat. Apr 27th, 2024
    delhi rain

    राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ इलाकों में हुई हल्की बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गयी। दिल्ली के अलावा आसपास के इलाकों में जैसे नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी हल्की बारिश देखने को मिली।

    अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से 7 डिग्री कम रहा। जबकि न्यूनतम तापमान औसत तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता का स्तर 82 और 54 फीसदी के बीच रहा।

    अधिकारी ने बताया कि सफदरजंग वेधशाला में सुबह साढ़े आठ बजे तक एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद शाम 5.30 बजे तक छिटपुट बारिश दर्ज की गयी। सफदरजंग को शहर का अधिकारिक आंकड़ा रखने वाली वेधशाला माना जाता है।

    delhi rain1

    उन्होंने बताया कि पालम, लोधी, रिज और आयानगर वेधशालाओं में सुबह 8.30 बजे तक क्रमश: 1.8, 1.4, 0.2 और 2.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

    जबकि सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक पालम, लोधी, रिज और आयानगर में क्रमशः 0.8, 0.8 और 0.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी।

    मौसम विभाग ने गुरुवार को हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है।

    मौसमविद् ने बताया, ‘‘अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।’’

    आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के प्रमुख बीपी यादव ने बताया कि 15 अप्रैल से उत्तर भारत और मध्य भारत में हल्की बारिश, गरज के साथ बौछारे और आंधी का कारण सशक्त पश्चिमी विक्षोभ है।

    उन्होंने कहा कि गुरुवार से अगले तीन दिन तक उत्तर भारत में आसमान साफ रहेगा और धीरे-धीरे पारा चढ़ेगा।

    मंगलवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 30.7 और 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

    दिल्ली के अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात जैसे इलाकों में भी भारी बारिश हुई है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात और महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटना में करीब 50 लोगों की मौत हो गयी। मौसम विभाग नें इस बात की जानकारी दी।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *