Sat. Apr 27th, 2024

    जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे की गुवाहाटी में अपने भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली बैठक अभी के लिए रद्द कर दी गई है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को इस बात की पुष्टि की। विदेश मंत्रालय ने ट्विटर पर लिखा, “जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे की प्रस्तावित भारत यात्रा के संदर्भ में दोनों पक्षों ने आम सहमति से फिलहाल यात्रा को टालने का निर्णय लिया है।”

    वहीं इससे पहले जापान के सरकारी प्रसारक एनएचके ने अपनी रपट में कहा था कि जापानी सरकार ने प्रधानमंत्री शिंजो आबे के आगामी भारत दौरे को रद्द करने की योजना बनाई है। यह निर्णय भारत के विभिन्न भागों में बढ़ती हिंसा के मद्देनजर लिया गया है।

    प्रधानमंत्री आबे अपनी 15 से 17 दिसंबर की तीन दिवसीय यात्रा के लिए भारत आने वाले थे। प्रधानमंत्री मोदी और आबे के बीच यह बैठक गुवाहाटी में होनी थी। वर्तमान में गुवाहाटी, संसद से पारित हुए नागरिक संशोधन विधेयक के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों का केंद्र बना हुआ है।

    असम में पुलिस की गोलीबारी में दो व्यक्तियों की मौत हो गई, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सेना को बुलाया गया है।

    लोकसभा और राज्यसभा से पारित होने के बाद विधेयक को गुरुवार को राष्ट्रपति द्वारा स्वीकृति मिलने के साथ ही अब यह कानून बन चुका है।

    इससे पहले बांग्लादेश के विदेश और गृहमंत्री ने भी भारत की अपनी प्रस्तावित यात्रा को रद्द कर दिया था।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *