Fri. Apr 26th, 2024

    देश में कोरोनावायरस (Coronavirus) के तेजी से बढ़ते मामलों में महाराष्ट्र राज्य सबसे आगे है। राज्य में कल सिर्फ एक दिन में 3,607 नए मामले दर्ज किये गए थे और कुल 150 लोगों की मौत होने की पुष्टि की गयी है। महाराष्ट्र के कुल आंकड़े 97,648 पहुँच गए हैं, जो कि कनाडा देश से भी ज्यादा हैं।

    राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि प्रदेश में अब तक 3,590 लोगों की इस बीमारी से मौत हो गयी है जिसमें से 152 मौतें पिछले 24 घंटों में हुई है। पिछले 24 घंटों में 1,561 मरीज इस बीमारी से ठीक हुए हैं।

    प्रदेश की राजधानी मुंबई में अकेले एक दिन में 1540 नए मामले सामने आये जिसके बाद सिर्फ इस शहर में कुल मामलों की संख्या 53,985 पहुँच गयी है। मुंबई में एक दिन में कल 104 कोरोनावायरस मरीजों की मौत होने की पुष्टि की गयी है।

    यदि शहर की सबसे बड़ी झुग्गी धारावी की बात करें तो यहाँ अब तक 1,984 मामले सामने आये हैं, जिसमें से 20 मामले पिछले 24 घंटों में दर्ज किये गए हैं। पुलिस के मुताबिक इस इलाके में लोग सामाजिक दूरी जैसे नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, जिससे पुलिस सख्त कदम अपना रही है। धारावी में अब तक 75 लोगों की इस बीमारी से मौत हो गयी है।

    महाराष्ट्र में हाल ही में लॉकडाउन में कुछ ढील दी गयी है, जिससे दुकानें और बाजार खुलने की अनुमति दी गयी है। इसके अलावा धर्म स्थल, शॉपिंग मॉल, होटल और रेस्त्रां जैसी जगहों को अभी बंद रहने के आदेश हैं।

    आपको बता दें कि हाल ही में महाराष्ट्र में मरीजों के मामले में चीन को भी पीछे छोड़ दिया था, जहाँ सिर्फ 84,000 मामले सामने आये थे।

    यदि पुरे देश की बात करें तो 2,95,772 मामलों के साथ भारत विश्व में चौथा सबसे संक्रमित देश बन गया है। भारत से ज्यादा मामले सिर्फ अमेरिका, ब्राज़ील और रूस में हैं।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *