Sun. Apr 28th, 2024
    हैदराबाद भिखारी

    डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी और उनकी राजनैतिक सलाहकार इवांका ट्रम्प इस महीने के अंत में भारत का दौरा करेंगी। इस दौरान वे हैदराबाद में एक अंतराष्ट्रीय सम्मलेन में हिस्सा लेंगी। इवांका के इस दौरे से पहले हैदराबाद पुलिस ने पुरे शहर के भिखारियों को हटाने का फैसला किया है।

    इस कोशिश में पुलिस ने यह एलान किया है कि जो भी नागरिक पुलिस को किसी भी भिखारी की जानकारी देगा, उसे 500 रूपए दिए जाएंगे।

    हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर ने पुरे शहर में भीख मांगने पर दो महीने का प्रतिबन्ध लगा दिया है।

    इससे पहले भी जब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने साल 2000 में भारत का दौरा किया था, तब भी हैदराबाद में कुछ ऐसा ही किया गया था।

    पिछले एक सप्ताह से पुलिस ने भिखारियों को शहर के विभिन्न हिस्सों से हटाने की कोशिशें शुरू कर दी है। इसमें मुख्य रूप से मंदिरों के बाहर, रेलवे स्टेशन आदि जगह शामिल हैं।

    यहाँ से भिखारियों को हटाकर हैदराबाद जेल के पास एक सुधार केंद्र में ले जाया गया है।

    शुरूआती तीन दिनों में ही पुलिस ने करीबन 366 भिखारियों को ढूंढ निकाला है। इनमे से करीबन 238 भिखारी यह कहकर घर चले गए हैं, कि वे आगे से भीख नहीं मांगेंगे। इसके अलावा करीबन 128 भिखारी अभी भी सुधार केंद्र में रह रहे हैं।

    भविष्य में ये लोग भीख ना मांगे इसलिए पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि इन्हे सही प्रशिक्षण दिया जाए। सुधार केंद्र के मुखिया सम्पत के मुताबिक इन भिखारियों को कुछ कौशल सिखाया जाएगा, जिससे ये पेट्रोल पंप जैसी जगहों पर काम कर सकें।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।