Fri. Apr 26th, 2024
    अमित शाह

    भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गाँधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस को अंग्रेजों द्वारा बनाई गई पार्टी की संज्ञा दी और कहा कि अभी तक कांग्रेस ने सिर्फ 4 राष्ट्रीय टूर किए हैं। इन 4 राष्ट्रीय टूर में से 3 टूर कांग्रेस ने अपने नेताओं की अस्थियों के लिए किए हैं। वह झारखण्ड की राजधानी रांची में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की स्मृति में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए थे। अपने सम्बोधन के दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी की विचारधारा पर तंज कसा और कांग्रेस को परिवारवाद की राजनीति करने वाला दल बताया। उन्होंने शिबू सोरेन की अगुवाई वाली झारखण्ड की क्षेत्रीय पार्टी झारखण्ड मुक्ति मोर्चा को भी लपेटे में लिया और परिवारवाद की राजनीति करने के लिए उसकी भी आलोचना की।

    कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा, “कांग्रेस पार्टी ने आजादी के बाद से अब तक सिर्फ 4 राष्ट्रीय टूर किए हैं और उनमें से 3 टूर उसने अपने नेताओं के अस्थि विसर्जन के लिए किए हैं। कांग्रेस ने एक टूर जवाहर लाल नेहरू जी का अस्थि कलश लेकर किया है वहीं दूसरा टूर इंदिरा जी का अस्थि कलश लेकर किया है। तीसरा टूर कांग्रेस ने राजीव जी का अस्थि कलश लेकर किया है और अब राहुल जी बिना किसी कलश के टूर के लिए निकल जाते हैं।” अमित शाह का इशारा राहुल गाँधी के हालिया गुजरात और महाराष्ट्र दौरों की ओर था।

    अमित शाह ने कहा, “सबको पता है कि सोनिया गाँधी के बाद कांग्रेस का अध्यक्ष कौन होगा लेकिन कोई यह नहीं बता सकता कि अमित शाह के बाद भाजपा अध्यक्ष कौन बनेगा। यही हाल देश की लगभग सभी पार्टियों का है। उत्तर प्रदेश में सपा का जो हाल हुआ वह आप सबके सामने है। बिहार की आरजेडी की स्थिति भी किसी से छिपी नहीं है। शिबू सोरेन की झारखण्ड मुक्ति मोर्चा का भी भविष्य तय है। शिबू सोरेन के बाद कौन पार्टी अध्यक्ष बनेगा यह सभी को पता है। देश में चन्द पार्टियां ही ऐसी बची हैं जिनमें आज भी आतंरिक लोकतंत्र जिन्दा है। भाजपा, जेडीयू और कम्युनिस्ट पार्टियां ही ऐसी हैं जिनमें आतंरिक लोकतंत्र आज भी जिन्दा है। आज देश की राजनीति परिवारवाद की तरफ बढ़ रही है जो कि उन दलों के लिए आत्मघाती सिद्ध होगा।”

    भाजपा अध्यक्ष अमित शाह रांची में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष में आयोजित समारोह में बोल रहे थे। भाषण का विषय था, “स्वतंत्रता के बाद भारत की अलग-अलग पार्टियों ने देश में कैसा प्रदर्शन किया है, उसका तुलनात्मक अध्ययन।” अमित शाह ने कहा कि भाजपा ने ना केवल देश में चुनाव जीते हैं और सरकार बनाई है बल्कि लोगों के सोचने का नजरिया भी बदल दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगे कहा कि हमारी पार्टी ने जनसंघ के समय से ही देश के उत्थान के लिए कार्य किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा राम जन्मभूमि, गौहत्या, कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश की एकता, सोमनाथ और गोवा को मुक्त कराने जैसे मुद्दों को लेकर देशभर में यात्रा निकाल चुकी है।

    अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस का स्वतंत्रता आन्दोलन के समय कांग्रेस का भी शासन के पहलुओं पर कोई स्पष्ट विचार नहीं था। कांग्रेस ने 60 सालों तक देश की सत्ता संभाली पर कोई भी निर्णय लेने में कांग्रेस नेतृत्व सदैव अक्षम रहा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आन्दोलन के समय पूरे देशवासियों और क्रांतिकारियों का एकमात्र लक्ष्य आजादी था। स्वतंत्रता के बाद जब देश की विदेश, शिक्षा और रक्षा नीतियों के निर्धारण का समय आया तो इसे पूर्णतया पश्चिमी देशों से कॉपी कर लिया गया। यह अंग्रेजो द्वारा बनाई गई कांग्रेस पार्टी की सोच की वजह से था। इसके खिलाफ आवाज उठाकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने 10 सदस्यों के साथ मिलकर भारतीय जन संघ का निर्माण किया जो आज भाजपा के नाम से जाना जाता है। 11 करोड़ सदस्यों के साथ भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक दल है।

    By हिमांशु पांडेय

    हिमांशु पाण्डेय दा इंडियन वायर के हिंदी संस्करण पर राजनीति संपादक की भूमिका में कार्यरत है। भारत की राजनीति के केंद्र बिंदु माने जाने वाले उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु भारत की राजनीतिक उठापटक से पूर्णतया वाकिफ है।मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद, राजनीति और लेखन में उनके रुझान ने उन्हें पत्रकारिता की तरफ आकर्षित किया। हिमांशु दा इंडियन वायर के माध्यम से ताजातरीन राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचारों को आम जन तक पहुंचाते हैं।