Mon. May 6th, 2024
शत्रुघन सिन्हा के भाजपा को छोड़ कांग्रेस में शामिल होने पर बेटी सोनाक्षी सिन्हा ने दिया बयान

बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने अपने पिता शत्रुघन सिन्हा के भारतीय जनता पार्टी छोड़ने और कांग्रेस में शामिल होने पर बयान दिया है। अभिनेत्री अपने पिता के इस फैसले का समर्थन करती हैं और उनके कहना है कि उन्हें बहुत पहले ही ये कदम उठा लेना चाहिए था।

HT इंडिया मोस्ट स्टाइलिश अवार्ड के दौरान बोलते हुए सोनाक्षी ने खुलासा किया-“मुझे लगता है कि ये उन्हें बहुत पहले कर देना चाहिए था। उन्हें वो सम्मान नहीं मिल रहा था जिसके वह हक़दार थे।” उनके इस बयान से लगता है कि केवल शॉटगन ही नहीं, बल्कि उनका पूरा परिवार ही भाजपा के लिए दिल में आक्रोश लेकर बैठा है।

काफी अटकलें लगाई जा रही हैं कि भाजपा के पूर्व सांसद ने पार्टी छोड़कर राहुल गाँधी से कांग्रेस में शामिल होने के लिए मुलाकात की है। गुरुवार को, सिन्हा ने कांग्रेस अध्यक्ष से उनके घर में मुलाकात भी की थी।

उनकी लम्बी बैठक के बाद, सिन्हा ने आधिकारिक घोषणा की कि वह कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उनके मुताबिक, “जल्द ही शामिल हो जाऊंगा, नवरात्री के दौरान हम आपको अच्छी खबर देंगे। अब मैं कांग्रेस में शामिल हो जाऊंगा।”

इस दौरान, कांग्रेस नेता शक्तिसिंह गोहिल ने ट्वीट किया कि सिन्हा 6 अप्रैल को औपचारिक समारोह में पार्टी में शामिल हो जायेंगे। दो बार पटना से सांसद रहे सिन्हा शुरू से ही भाजपा सरकार के खिलाफ ही रहे हैं और उनके हर कदम की आलोचना की है, शायद यही कारण है कि इन लोक सभा चुनाव में, उन्हें अपनी ही पार्टी से बेदखल कर दिया गया।

यहाँ तक कि, आगामी लोक सभा चुनाव के लिए, शत्रुघन सिन्हा भाजपा की पहली पसंद नहीं थे। उन्हें केन्द्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद द्वारा रिप्लेस कर दिया गया जो इस चुनाव में, पटना से चुनाव लड़ेंगे।

अब सोनाक्षी की बात की जाये तो, वह अपनी आगामी फिल्म ‘कलंक’ के प्रचार में व्यस्त हैं। अभिषेक वर्मन द्वारा निर्देशित फिल्म में आलिया भट्ट, वरुण धवन, आदित्य रॉय कपूर, माधुरी दीक्षित और संजय दत्त भी दिखाई देंगे। फिल्म 17 अप्रैल को रिलीज़ होगी।

By साक्षी बंसल

पत्रकारिता की छात्रा जिसे ख़बरों की दुनिया में रूचि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *