Thu. Mar 28th, 2024
    voting

    पटना, 29 अप्रैल (आईएएनएस)| लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए बिहार में पांच सीटों पर मतदान आज सुबह सात बजे से जारी हैं।

    चौथे चरण में बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से पांच- दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुंगेर के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

    इन क्षेत्रों में मतदान के दौरान 87.92 लाख से ज्यादा मतदाताओं के लिए 8,834 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

    इन क्षेत्रों से कुल 66 प्रत्याशी चुनावी मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं। दरभंगा में मुख्य मुकाबला राष्टीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गोपालजी ठाकुर के बीच है जबकि उजियारपुर में मुकाबला भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय और राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी (रालोसपा) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के बीच है।

    इसी तरह समस्तीपुर में लोजपा के रामचंद्र पासवान के सामने कांग्रेस के अशोक राम हैं तथा मुंगेर में जनता दल – यूनाइटेड (जद-यू) नेता और बिहार के मंत्री ललन सिंह का मुकाबला कांग्रेस के नीलम देवी से हो रहा है।

    बेगूसराय में भाजपा के नेता गिरिराज सिंह, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के कन्हैया कुमार और राजद के तनवीर हसन के बीच कांटे का मुकाबला है।

    इस चरण के चुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर अर्धसैनिक बलों और बिहार सैन्य बल की तैनाती की गई है। मतदान के लिए 16,000 से ज्यादा मतदान कर्मियों को लगाया गया है।

    उल्लेखनीय है कि बिहार की 40 लोकसभा सीटों के लिए सभी सात चरणों में मतदान होना है। पहले चरण में 11 अप्रैल को चार लोकसभा क्षेत्रों तथा दूसरे व तीसरे चरण में पांच-पांच क्षेत्रों में मतदान संपन्न हो चुका है। मतों की गिनती 23 मई को होगी।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *