Fri. Mar 29th, 2024
    वोटिंग voting

    मुंबई, 29 अप्रैल (आईएएनएस)| चौथे चरण में महाराष्ट्र के 17 लोकसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो रहे हैं।अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

    1,418 ट्रांसजेंडर सहित 3,11,92,823 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं, जिनके लिए चुनाव आयोग ने इन निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 33,314 मतदान केंद्रों की व्यवस्था की है।

    17 निर्वाचन क्षेत्र ये हैं : मुंबई उत्तर, मुंबई उत्तर-पश्चिम, मुंबई उत्तर-पूर्व, मुंबई उत्तर-मध्य, मुंबई दक्षिण-मध्य, मुंबई दक्षिण, नंदुरबार, धुले, डिंडोरी, नासिक, पालघर, भिवंडी, कल्याण, ठाणे, मावल, शिरूर और शिरडी।

    इनमें से सबसे ज्यादा वोटर 23,70,276 ठाणे में और सबसे कम 14,40,142 मुंबई दक्षिण-मध्य निर्वाचन क्षेत्र में पंजीकृत हैं।

    मुंबई की छह सीटों के लिए 1,492 मतदान केंद्रों पर 10,073 बूथ हैं, जिनमें से 325 को मुंबई पुलिस ने ‘संवेदनशील’ घोषित किया है।

    अधिकारियों ने कहा कि मुंबई में कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।

    12:30 PM

    महाराष्ट्र में 17 लोकसभा सीटों के लिए सोमवार को चौथे चरण में पूर्वाह्न 11 बजे तक 18.39 प्रतिशत मतदान हुआ है।

    एक चुनाव अधिकारी ने यह जानकारी दी।

    जनजातीय क्षेत्र नंदुरबार निर्वाचन क्षेत्र (एसटी) में सबसे अधिक 24.59 प्रतिशत मतदान की खबर है, जबकि ठाणे जिले के कल्याण में सबसे कम 13.91 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है।

    अन्य सभी निर्वाचन क्षेत्रों में केवल 15 से 17 प्रतिशत के बीच मतदान दर्ज किया गया।

    मुंबई की छह लोकसभा सीटों में, सबसे अधिक 19.46 प्रतिशत मतदान मुंबई उत्तर में दर्ज किया गया था, जहां से बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर को भाजपा सांसद गोपाल शेट्टी के खिलाफ खड़ा किया गया है और सबसे कम 15.51 प्रतिशत मुंबई दक्षिण में दर्ज किया गया, जहां से पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद एम. देवड़ा शिवसेना के अरविंद जी. सावंत के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *