Fri. Mar 29th, 2024
    MANOJ TIWARI

    नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)| उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से दूसरी बार चुनाव लड़ रहे भोजपुरी अभिनेता और गायक मनोज तिवारी ने अपने संसदीय क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन रविवार को 10 किलोमीटर लंबा रोड शो किया और मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को मजबूत करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर देश विरोधी ताकतों का साथ देने का आरोप लगाया।

    भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष तिवारी ने अपने संसदीय क्षेत्र के पूर्वाचल के गढ़ वाले बुराड़ी क्षेत्र में रोड शो निकाला।

    अपने चार घंटे लंबे रोड शो के दौरान भाजपा नेता कई स्थानों पर अपने मिनी ट्रक से नीचे उतर आए और स्थानीय लोगों से संवाद करते दिखे।

    तिवारी पूर्वाचली मतदाताओं में लोकप्रिय हैं।

    तेज गर्मी के बावजूद रोड शो में भाजपा के सैकड़ों समर्थक मौजूद रहे। भोजपुरी स्टार की एक झलक पाने के लिए कई लोग गलियों, छतों और बालकनियों में जमे हुए थे।

    क्षेत्र के लोगों से संवाद करते हुए तिवारी ने कहा, “देश को आज विदेशी ताकतों तथा कुछ राष्ट्रविरोधी तत्वों से सुरक्षा का बड़ा खतरा है।”

    उन्होंने कहा, “सालों तक राज करने वाली कांग्रेस और पिछले 4.5 साल से राज कर रही आप देशविरोधी ताकतों का साथ दे रही हैं। इसलिए देश को मजबूत सरकार की जरूरत है, और इसके लिए हमें देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई वाली भाजपा सरकार की जरूरत है।”

    उन्होंने कहा कि यह देश मोदी की अगुआई में विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि देश को मजबूत सरकार की जरूरत है ना कि मजबूर सरकार की।

    तिवारी का जुलूस उत्तर-पूर्वी दिल्ली में कई पतली गलियों और मोहल्लों से गुजरते समय धीमा हो जाता था।

    उन्होंने शनिवार को लोनी मार्ग से शहादरा तक लगभग 15 किलोमीटर लंबा रोड शो निकाला था जिसमें सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे थे। उन्होंने इसी सप्ताह अपना नामांकन भरने जाते समय भी अपने संसदीय क्षेत्र में ऐसा ही एक और रोड शो किया था।

    तिवारी मे 2014 में आम आदमी पार्टी (आप) नेता आनंद कुमार को लगभग 1.5 लाख मतों से हराया था।

    हालांकि इस बार यहां से उन्हें दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता शीला दीक्षित तथा आप के दिलीप पांडे से कड़ी टक्कर मिल रही है।

    राष्ट्रीय राजधानी की सभी सात सीटों पर 12 मई को चुनाव होने हैं।

    पिछले लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सभी सात सीटेंजीतने वाली भाजपा को कांग्रेस और आप से टक्कर मिल रही है।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *