Thu. Apr 18th, 2024

    भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। चुनाव-प्रचार की कमान खुद पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह संभाल रहे हैं। दोनों नेता हर दिन तकरीबन तीन-चार रैलियां कर रहे हैं। भाजपा शुक्रवार को 250 सभाएं कर रही है। पार्टी सूत्र के अनुसार, सारा ध्यान छोटी-छोटी रैलियों और नुक्कड़ सभाओं के आयोजन पर केंद्रित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छोड़कर बाकी सभी नेता छोटी-छोटी रैलियों को संबोधित करेंगे। पार्टी का मानना है ऐसी सभाओं से जनता के साथ संवाद कायम होता है।

    चुनाव प्रचार का प्रबंधन देख रहे पार्टी नेता ने कहा कि दिल्ली में प्रत्येक वर्ग को लुभाने की रणनीति बनाई गई है। इसके तहत क्षेत्र विशेष के लिए उस राज्य के नेताओं को प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है।

    मसलन केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान और सांसद जुएल उरांव को आर.के. पुरम क्षेत्र में लगाया गया है, जहां उड़िया भाषी लोगों की आबादी है। उसी प्रकार जिन क्षेत्रों में राजस्थान के लोगों की संख्या ज्यादा है, वहां राजस्थान के नेताओं को लगाया गया है।

    केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत लगातार गुरुवार से ही इन क्षेत्रों में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। भाजपा नेता के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली के 70 विधानसभा क्षेत्रों में तकरीबन 149 रैलियां की गईं, जबकि शुक्रवार (आज) को ढाई सौ रैलियों का कार्यक्रम है।

    अमित शाह शुक्रवार को दिल्ली के करावल नगर, सोनिया बिहार और गोकुलपुरी में तीन रैलियों को संबोधित करेंगे। वहीं, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा दिल्ली में दो रैलियों को संबोधित करेंगे। यह रैली दिल्ली के पांडव नगर और आनंद विहार इलाके में प्रस्तावित है। इसके अलावा दिल्ली भाजपा के प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर चार सभाओं को सबोधित करेंगे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी, श्याम जाजू, केंद्रीय मंत्री नित्यानन्द राय, दिल्ली भाजपा के सातों सांसद भी हर दिन तीन से पांच कार्यक्रमों में शिरकत कर रहे हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *