Fri. Apr 26th, 2024
    सचिन पायलट

    हिमाचल प्रदेश के विधानसभा के चुनाव में हफ्ते भर से भी कम वक़्त बचा हुआ है। हिमाचल प्रदेश की सत्ता के लिए कांग्रेस और बीजेपी दोनों ने जोर-शोर से चुनाव प्रसार शुरू कर दिया है। आजतक के एक कार्यक्रम ‘पंचायत आजतक’ में राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन पायलट पहुंचे। इस कार्यक्रम में सचिन पायलट ने केंद्र में मौजूद भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर कई हमले किये और उन्होंने कहा कि कांग्रेस हिमाचल में दोबारा वापसी करेगी।

    इस कार्यक्रम में सचिन पायलट ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर कई हमले किये। सचिन पायलट ने नोटबंदी, अर्थव्यवस्था और सीबीआई को लेकर केंद्र सरकार पर हमले किये।

    कांग्रेस दोबारा बनाएगी सरकार

    सचिन पायलट ने हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाने को लेकर किये गए सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोग काफी विवेकवान है और एक बार फिर कांग्रेस पार्टी को हिमाचल प्रदेश में आशीर्वाद मिलेगा। युवाओं को मौका देने के सवाल पर सचिन पायलट ने जवाब देते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह भले ही बुजुर्ग हो, लेकिन जितनी मेहनत वह करते है, दूसरे नेता उतनी मेहनत नहीं कर सकते है। उन्होंने आगे कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोगो और कार्यकर्ताओ ने मुख्यमंत्री पद के लिए वीरभद्र सिंह को ही चुना है। कांग्रेस ने हमेशा युवाओं को आगे की पंक्ति में खड़ा किया है।

    मोदी सरकार ने अर्थव्यवस्था को किया बर्बाद

    सचिन पायलट ने इस कार्यक्रम में मोदी सरकार पर अर्थव्यवस्था को लेकर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को गर्त में पहुंचा दिया है। सचिन पायलट ने आगे कहा कि बीजेपी सरकार ने नौजवानो को बर्बाद कर दिया है। आज नौजवानो के पास रोज़गार नहीं है। अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर भाजपा की सरकार फेल रही है। सचिन पायलट ने आगे कहा कि देश में जो बेरोजगारी और लाचारी है इसका मोदी सरकार के पास कोई इलाज नहीं है। एक इंटरनेशनल एजेंसी के आंकड़े का बार-बार ढोल पीटने से कुछ नहीं बदलने वाला है।

    बीजेपी का विरोध देश का विरोध है

    सचिन पायलट ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि यह सरकार भेदभाव करती है। सिर्फ गैर भाजपाई नेताओं के खिलाफ सीबीआई की छापेमारी हो रही है। टैक्स रेड हो रही है। आजकल भाजपा के खिलाफ बोलना देश के खिलाफ बोलना हो गया है। सचिन पायलट ने आगे कहा कि देश की जनता देख रही है कि भाजपा कैसा प्रोपोगेंडा कर रही है।

    कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने सिद्धन्तो पर अडिग है। मोदी हमें क्या उबारेंगे? कांग्रेस पार्टी किसी पर निर्भर नहीं है। भाजपा ने उत्तर-पूर्व में खरीद फरोख्त कर सरकार बनाई। कश्मीर में क्या हालत है, क्या मुंह लेकर जाएंगे ये कश्मीर में।

    राहुल से भाजपा में बौखलाहट

    कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में हो या नहीं, लेकिन कभी किसी बंटवारे की राजनीति नहीं की। राहुल गाँधी के बयानों से भारतीय जनता पार्टी में बौखलाहट बढ़ गयी है। सचिन पायलट ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी में लगातार परिवर्तन आ रहा है। चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने पर कांग्रेस पार्टी में बड़े पैमाने पर बदलाव हो जायेगा।

    कांग्रेस में सकारात्मक बदलाव

    कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने हिमाचल हारने के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि ऐसा मत सोचिये शुभ-शुभ बोलिए। सचिन पायलट ने आगे जवाब देते कहा कि कांग्रेस पार्टी समय के साथ बदलाव करती है। हमारी विचारधारा भी समय के साथ बदली है। कांग्रेस पार्टी देश के हित में सकारात्मक बदलाव करती है।

    सचिन पायलट से सवाल किया गया कि क्या आने वाले समय में सचिन पायलट की भूमिका बदलेगी? तो उन्होंने कहा कि जहां हूं वहां खुश हूं। आदमी के पास महत्वाकांक्षा होनी चाहिए, लेकिन अत्यधिक महत्वाकांक्षा ठीक नहीं है।