Fri. Apr 26th, 2024
    पहरेदार पिया की

    विवादों से घिरे धारावाहिक ‘पहरेदार पिया की’ को सोनी टीवी ने प्रसारित होने पर प्रतिबन्ध लगा दिया है। यह नाटक कई दिनों से विवादों में घिरा हुआ था। लोगों के अनुसार इस कहानी के जरिये लोगों में गलत सन्देश जैसे ‘बाल विवाह’ आदि को बढ़ावा मिल रहा है।

    आपको बता दें कि सोनी टीवी पर जुलाई में ‘पहरेदार पिया की’ नाटक शुरू हुआ था। इस शो में एक 9 साल के लड़के और 18 साल की लड़की के बीच प्रेम-प्रसंग को दिखाया है। शो में कई ऐसे दृश्य हैं जिसके जरिये बाल विवाह आदि सामाजिक कुरीतियों को उजागर किया गया है। शो में इन दोनों के बीच सुहाग रात के दृश्य का भी जिक्र किया है, जो लोगों के मुताबिक बच्चों में गलत धारणा डालता है।

    इसके बदले मुंबई स्थित जय हो संस्था ने सरकार को इसकी शिकायत की है। जय हो संस्था के अध्यक्ष अफरोज मालिक ने सुचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी को एक चिट्ठी लिखीं, जिसमे उन्होंने इस नाटक को बंद करने की शिकायत की।

    'पहरेदार पिया की' नाटक के खिलाफ शिकायत पत्र

    इस शिकायत पत्र में साफ़ तौर पर कहा गया है कि यह शो जनता के बीच गलत सन्देश भेज रहा है। इसमें बताया गया कि सोनी टीवी पर रात 8:30 बजे एक शो जिसका नाम ‘पहरेदार पिया की’ है, प्रसारित किया जाता है। इस शो में एक 10 साल के लड़के और उसकी दुगुनी उम्र की लड़की के बीच प्रेम-प्रसंग दिखाया जाता है। लड़का लड़की की मांग में सिन्दूर भरता है, उसको प्यार करता है और सुहाग रात मनाने की बात भी करता है। इस सबके जरिये लोगों में बाल विवाह और बच्चों के खिलाफ हिंसा की भावना जागती है।

    इसके बाद इस शो को बंद करने की मांग की गयी। इसके बाद शो के निर्माताओं ने कहा कि बहुत जल्द वे शो में लड़के की उम्र को बढ़ा देंगे और उसे 21 साल का बना देंगे। इसके बावजूद लोगों का गुस्सा नहीं थमा और इसे लगातार बंद करने की मांग की गयी।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।