Thu. May 2nd, 2024
    sushma swaraj

    भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज चार दिवसीय यात्रा पर स्पेन, मोरक्को और बुल्गारिया के लिए रवाना हो चुकी हैं। सुषमा स्वराज तीनो राष्ट्रों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय संबंधों और साझे हितों से जुड़े क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर बातचीत करेंगी।

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि “विदेश मंत्री सुषमा स्वराज 16 फरवरी से 19 फरवरी तक मोरक्को, बुल्गारिया और स्पेन की यात्रा पर जाएँगी। वह सबसे पहले 16-17 फरवरी को बुल्गारिया में होंगी। यह किसी भारतीय मंत्री की पहली बुल्गारिया की यात्रा है।”

    सुषमा स्वराज 17-18 फरवरी मोरक्को की यात्रा पर रहेंगी। इस यात्रा पर वह अपने समकक्ष नासिर बोरिटा और मोरक्को के राजा मोहम्मद V1 से मुलाकात करेंगी। इस यात्रा में आतंकवाद के खिलाफ समझौते पर हस्ताक्षर किये जायेंगे। इसके आखिर में सुषमा स्वराज 18-19 फरवरी को स्पेन की यात्रा करेंगी।

    इस यात्रा के दौरान स्पैनिश सरकार उन्हें ऑपरेशन मैत्री के लिए प्रतिष्ठित सम्मान ‘आर्डर ऑफ़ सिविल मेरिट’ से सम्मानित करेंगी। ऑपरेशन मैत्री भारत सरकार द्वारा साल 2015 में नेपाल में आये भूकंप के बाद शुरू किया गया था, यह एक बचाव मिशन था। जिसमे 71 स्पैनिश नागरिकों को बचाया गया था।

    यह सम्मान साल 2012 में मेक्सिको के राष्ट्रपति फेलिप कोल्डरोन हिनोजोसा, साल 2008 में संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति खलीफा बिन जायद को दिया जा चुका है। सुषमा स्वराज इन तीनों देशों की यात्रा के दौरान वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुखातिब होंगी।

    By कविता

    कविता ने राजनीति विज्ञान में स्नातक और पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। वर्तमान में कविता द इंडियन वायर के लिए विदेशी मुद्दों से सम्बंधित लेख लिखती हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *