Tue. May 7th, 2024
    srilanka blast

    कोलंबो, 27 अप्रैल| बट्टिकालोआ में श्रीलंका की सेना और एक सशस्त्र समूह के बीच हुई भीषण गोलीबारी के बाद 15 शव बरामद हुए हैं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

    समाचार एजेंसी सिन्हुआ को एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि श्रीलंका की सेना ने जब एक घर पर छापेमारी की तो इस्लामिक स्टेट संगठन के एक सश समूह ने सामने से गोलीबारी शुरू कर दी।

    वहीं कुछ आत्मघाती हमलावरों ने घर के अंदर ही खुद को विस्फोटक से उड़ा दिया।

    डेली मिरर की रिपोर्ट के अनुसार, घर के अंदर से तीन पुरुष, तीन महिलाएं और 6 बच्चों के शव मिले हैं।

    वहीं घर के बाहर से भी 3 पुरुषों के शव मिले हैं, जिनके आत्मघाती आतंकवादी होने का संदेह है।

    बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने एक गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार की रात को अंपारा सैंथामारुथु में छापेमारी की, जिसके बाद सशस्त्र समूह ने एक विस्फोट कर दिया और दोनों गुटों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।

    इस गोलीबारी की घटना के बाद शनिवार सुबह सैनिकों ने घटनास्थल से 15 शव बरामद किए।

    सैना के एक अधिकारी ने बताया, इसी शहर में एक अन्य छापेमारी में पुलिस ने इस्लामिक स्टेट (आईएस) के झंडे, 150 जेलिग्नाईट (विस्फोटक) की छड़ें, हजारों स्टील की गोलियां और एक ड्रोन कैमरा बरामद किया।

    आसपास के क्षेत्रों में भी आतंकवादियों के छिपे होने की आशंका को देखते हुए, तलाशी अभियान चलाई जा रही है। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है।

    वहीं, कल्मुनाई और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार की रात से लगा कर्फ्यू अब तक लागू है।

    शुक्रवार की शाम को सैन्य अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने पूर्व के अंपारा जिले के एक घर से इस्लामिक स्टेट के झंडे, साहित्य और अन्य चीजे मिली हैं। ऐसा अनुमान है कि यह आतंकवादी संगठनों का शपथ-स्थल है।

    शुक्रवार को देशभर से 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया। नई गिरफ्तारियों समेत रविवार को ईस्टर के दिन हुए विस्फोटों के बाद अब तक 80 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

    रविवार को हुए विस्फोटों में 253 लोग मारे गए थे और 500 लोग घायल हुए थे।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *