Sat. Sep 28th, 2024
    कांग्रेस

    राजस्थान में सत्ता हासिल करने के लिए कांग्रेस ने वसुंधरा राजे के खिलाफ चक्रव्यूह की रचना कर दी है। इसका अंदाजा तब हुआ जब पार्टी ने शनिवार को 32 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में कांग्रेस ने दो महीने पहले भाजपा छोड़कर कर कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के पूर्व वरिष्ठ नेता जसवंत सिंह के बेटे मानवेन्द्र सिंह को वसुंधरा के खिलाफ झालर पाटन से उम्मीदवार बनाया है।

    मानवेन्द्र पहले शिहो से भाजपा के विधायक थे। सितम्बर में उन्होंने भाजपा छोड़ कर कांग्रेस ज्वाइन कर लिया था।

    पार्टी ने गुरुवार रात को 152 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर चुकी है। पहली लिस्ट में मुख्यमंत्री पद के संभावित उम्मीदवार सचिन पायलट को टोंक से और अशोक गहलोत को अपने पारम्परिक सीट सरदारपुरा से टिकट दिया गया है। पायलट पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा पार्टी ने वरिष्ठ नेता गिरिजा व्यास और सीपी जोशी को भी चुनावी मैदान में उतारा है।

    वसुंधरा अपनी सत्ता बचाने की हर संभव कोशिश कर रही है जबकि सभी ओपिनियन पोल इस बार राजस्थान में कांग्रेस की जबरदस्त वापसी के दावे कर रहे हैं। 2013 में भाजपा ने वसुंधरा के नेतृत्व में 163 सीटें जीत कर तीन चौथाई बहुमत हासिल किया था जबकि कांग्रेस को सिर्फ 21 सीटों से संतोष करना पड़ा था। लेकिन उसके बाद वसुंधरा सरकार की लोकप्रियता कम होती गई। भाजपा के कई नेता वसुंधरा की नीतियों और काम करने के तरीकों से नाराज होकर पार्टी छोड़ कर चले गए।

    राजस्थान में 200 सीटों के लिए 7 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे जबकि 11 दिसंबर को चुनाव परिणाम की घोषणा की जायेगी।

    By आदर्श कुमार

    आदर्श कुमार ने इंजीनियरिंग की पढाई की है। राजनीति में रूचि होने के कारण उन्होंने इंजीनियरिंग की नौकरी छोड़ कर पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखने का फैसला किया। उन्होंने कई वेबसाइट पर स्वतंत्र लेखक के रूप में काम किया है। द इन्डियन वायर पर वो राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *