Sat. Apr 27th, 2024

    हिमाचल प्रदेश चुनाव के प्रचार-प्रसार के अंतिम दिन गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस को निशाना बनाते हुए वार किया है। शिमला में हुई पत्रकार वार्ता के दौरान राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आर्थिक मोर्चे पर केंद्र सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। राजनाथ सिंह ने यह बयान कांग्रेस पार्टी के द्वारा किए जा रहे नोटबंदी और जीएसटी की विफलता पर हमले को लेकर दिया था।

    राजनाथ सिंह ने आगे प्रेस वार्ता में कहा कि नोटबंदी और जीएसटी मजबूत आर्थिक उपाय थे। इससे हर वर्ग के लोगों को लाभ होगा। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि अगर भारत अर्थव्यवस्था पर मजबूत नहीं होता तो कोई भी निवेशक यहां नहीं आता। उन्होंने आगे कहा कि भारत में विदेशी निवेश लगातार बढ़ रहा है। राजनाथ सिंह ने आगे पाकिस्तान को लेकर कहा कि पाकिस्तान आतंकवादी गतिविधियों में शामिल है। लेकिन हमारे सुरक्षा बलों के बीच समन्वय इतना अच्छा है कि उन्होंने आतंकवाद की गतिविधियों को लगातार निष्क्रिय किया है।

    राजनाथ सिंह ने हिमाचल के चम्बा में रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के युवा नेता हर बार गुजरात की बात करते है। गुजरात में बीजेपी 22 सालों से सत्ता में रही है। जबकि हिमाचल प्रदेश के मुखिया तो खुद बेल पर रहे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राजनीति देश को बनाने के लिए ही करनी चाहिए।

    राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर अधूरे कार्यो का आरोप लगते हुए कहा कि कांग्रेस ने 1988 में बेनामी सम्पति का एक्ट बनाया तो था, परन्तु उसे लागू नहीं किया था। भारतीय जनता पार्टी ने बेनामी सम्पति एक्ट को लागु करवाया और इस एक्ट के चलते 850 करोड़ की बेनामी सम्पति जब्त की हैं। राजनाथ सिंह ने आगे बेरोजगारी पर बात करते हुए कहा कि अटल जी के कार्यकाल और भाई नरेंद्र मोदी के साढ़े तीन साल के कार्यकाल में कांग्रेस की 55 साल की सरकार से अधिक नौकरियां दी हैं।