Fri. Apr 26th, 2024
    बाबा रामदेव योग

    योगगुरु बाबा रामदेव का मानना है कि खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठोड के नेतृत्व में योग अब भारत में अहम् खेल के रूप में उभरेगा।

    आपको बता दें हाल ही में सऊदी अरब में योग को ‘खेल प्रतियोगिता’ से जोड़ा गया है। इसके बाद योग के महत्व को लेकर चारों ओर चर्चाएं हैं। बाबा रामदेव का मानना है कि भारत में बहुत जल्द योग एक अहम् हिस्सा बन जाएगा और इसे ओलंपिक्स में भी शामिल किया जायेगा।

    बाबा रामदेव ने अपने बयान में बताया, ‘मैंने पिछले खेल मंत्री से आग्रह किया था कि वे योग को खेल से जोड़ें। लेकिन मुझे विश्वास है कि राज्यवर्धन सिंह राठौड़ की मदद से हम योग को भारत के अहम् खेलों में जोड़ सकेंगे और इसे ओलंपिक्स खेलों में भी ले जाएंगे।’

    सऊदी अरब सरकार द्वारा लिए गए इस फैसले को बाबा रामदेव ने ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा, ‘योग एक धर्मनिरपेक्ष व्यायाम है, जिसके बहुत से वैज्ञानिक फायदे हैं।’

    बाबा ने आगे कहा, ‘मुझे लगता है कि भारत में इस फैसले को पहले ही ले लेना चाहिए था। हमारे कुछ मुस्लिम भाइयों के विरोध की वजह से हम इसे नहीं कर पाए। अब वे भी धीरे-धीरे योग को अपनाएंगे।’

    बाबा ने यह भी कहा कि आने वाले समय में योग पढ़ाई का भी हिस्सा बन जाएगा। बाबा के मुताबिक इससे बच्चों के दिमाग को फायदा मिलेगा और पढ़ाई में उन्हें मदद मिलेगी।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।