आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने बिहार की राजधानी पटना में आगामी 27 अगस्त को “भाजपा हटाओ, देश बचाओ” रैली का आयोजन किया है। बाढ़ की विभीषिका झेल रहे बिहार के 18 जिलों में जन जीवन अस्त-व्यस्त होने के कारण कहा जा रहा था कि लालू यादव की यह रैली कुछ समय के लिए टल सकती है। लेकिन आरजेडी सुप्रीमो ने अपनी पार्टी की इस प्रस्तावित रैली को टालने से इंकार कर दिया है। साथ ही उन्होंने बिहार की सत्ताधारी नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की वजह से बिहार डूब रहा है। जनादेश का अपमान कर महागठबंधन तोड़ भाजपा के साथ सरकार बनाकर उन्होंने जो पाप किया है उसक अंजाम आज पूरा बिहार भुगत रहा है।
बाढ़ की वजह से रैली टाले जाने के सवाल पर लालू प्रसाद यादव ने अपने अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि हमारे रैली टाल देने से क्या बिहार में आई बाढ़ खतम हो जायेगी और बाढ़ से प्रभावित लोगों की मुश्किलें ख़तम हो जाएंगी? नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बिहार सरकार बाढ़ से प्रभावित 1.5 करोड़ जनता को किसी भी तरह की मदद पहुँचाने में असफल रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ित लोग पाताल में है और नीतीश कुमार आकाश में घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ को लेकर बिहार सरकार पूरी तरह से संवेदनहीन हो चुकी है।

आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव द्वारा “भाजपा हटाओ, देश बचाओ” रैली ना टाले जाने के बयान बिहार भाजपा के नेताओं ने उनपर हमला बोला है। बिहार सरकार के पत्र निर्माण मंत्री और राज्य के वरिष्ठ भाजपा नेता नंदकिशोर यादव ने कहा है कि बाढ़ पीड़ितों में लालू प्रसाद यादव की आरजेडी को वोट देने लोग भी हैं। इस मुश्किल घड़ी में लालू प्रसाद यादव उनकी तकलीफें ना बाँटकर अपनी रैली को सफल बनाने के प्रयास में लगे हुए हैं। जिस जनता के वोटों के दम पर आरजेडी के नेता जन प्रतिनिधि बन बैठे हैं आज वही नेता मुश्किल घड़ी में अपनी जनता का साथ नहीं दे रहे हैं और रैली को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने भी कहा है कि आरजेडी नेताओं को रैली टाल कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करना चाहिए और हरसंभव तरीके से लोगों की मदद करने का प्रयास करना चाहिए।