Sat. Apr 27th, 2024
    पाकिस्तान प्रधानमंत्री

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद खाकन अब्बासी बलूचिस्तान प्रांत में चल रही अस्थिरता व लोगों के विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर विकास पैकेज की घोषणा की है। पीएम अब्बासी ने बलूचिस्तान प्रांत के लिए 10 साल के विकास पैकेज की घोषणा की है।

    इस विकास पैकेज का उपयोग बलूचिस्तान के सर्वागीण विकास में किया जाएगा। अब्बासी ने साथ ही कहा कि बलूचिस्तान प्रांत को अन्य विकसित क्षेत्रों के समकक्ष लाया जाएगा। इसके अलावा बलूचिस्तान में कानून और व्यवस्था की स्थिति में काफी सुधार किया जाएगा व आतंकवाद का खात्मा किया जाएगा।

    बलूचिस्तान से संबंधित बैठक के बाद पीएम अब्बासी ने कहा, “ बलूचिस्तान के लिए जारी किए गए विकास पैकेज के तहत प्रांत में कानून व्यवस्था पर और विकास संबंधित परियोजनाओं पर इस पैकेज का उपयोग किया जाएगा। साथ ही बलूचिस्तान के लोगों को शिक्षा, पेयजल और गैस सहित सभी मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाएगी।“

    बलूचिस्तान प्रांत में कानून व शांति व्यवस्था बनायी जाएगी

    बलूचिस्तान के लिए आयोजित की गई बैठक में पाक पीएम अब्बासी के अलावा बलूचिस्तान के गवर्नर मोहम्मद खान अचकाजई, मुख्यमंत्री नवाब सनाउल्लाह ज़ेहरी, संघीय मंत्रियों में जनरल अब्दुल कादिर बलूच और मीर डोस्टेन खान डोमकी, प्रांतीय गृह मंत्री सरफराज अहमद बुगती, सीनेटर सरदार याकूब खान नासर और राष्ट्रीय सुरक्षा सेवानिवृत्त जनरल नसर जंजुआ के सलाहकार भी उपस्थित थे।

    बैठक के बाद पाक पीएम अब्बासी ने कहा कि बलूचिस्तान प्रांत के लिए मुख्यमंत्री ज़ेहरी ने विकास पैकेज की मांग की थी जिसे केन्द्र सरकार ने स्वीकार कर लिया है। साथ ही कहा कि बलूचिस्तान क्षेत्र के विकास के लिए प्रांतीय सरकार का पूरा सहयोग किया जाएगा।

    पीएम अब्बासी ने कहा कि वह संघीय और प्रांतीय सरकारों द्वारा शुरू की गई विकास परियोजनाओं के काम की गति की समीक्षा के लिए हर दो महीने में बलूचिस्तान आएंगे।

    साथ ही बैठक के दौरान कहा कि बलूचिस्तान का सामाजिक-आर्थिक विकास उनकी केन्द्र सरकार की पहली प्राथमिकता है। इसके अलावा बलूचिस्तान में कानून व्यवस्था को भी पुख्ता किया जाएगा। इसके लिए बलूचिस्तान सरकार का पूरा समर्थन व सहयोग किया जाएगा।

    गौरतलब है कि हाल ही में बलूचिस्तान प्रांत के लोगों की तरफ से पाक सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया गया था। पाक सेना की तरफ से किए जा रहे अत्याचारों के खिलाफ बलूचिस्तान के लोगों ने भारत से भी मदद की अपील की थी।