Sun. Sep 29th, 2024
    भारतीय महिला विश्व आर्थिक मंच

    भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्विट्जरलैंड के दावोस में होने वाले विश्व आर्थिक मंच की 48 वीं बैठक में शिरकत करने वाले है। पीएम मोदी के साथ ही कई दिग्गज भारतीय इसमें शामिल होंगे जिनमें से सबसे मुख्य नाम भारतीय महिला कार्यकर्ता चेतना सिन्हा का है। भारतीय महिला चेतना सिन्हा उन सात सह-अध्यक्षों मे से शामिल है जो दावोस में होने वाले विश्व आर्थिक मंच में मौजूद रहेगी।

    विश्व आर्थिक मंच में पहली बार भारतीय सामाजिक उद्यमी और महिला कार्यकर्ता चेतना सिन्हा विभिन्न देशों से आई सात मुख्य महिलाओं के साथ कार्यक्रम की सह-अध्यक्षता करेगी। चेतना सिन्हा मान देशी फाउंडेशन की संस्थापक व चेयरमैन है।

    ये विशेषतः ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के उत्थान, विकास व उन्हें आत्म-निर्भर बनाने के लिए काम करती है। जब से चेतना सिन्हा ने इस फाउंडेशन की स्थापना की है तब से ही महिलाओं को आवश्यक ज्ञान और कौशल प्रदान करने में मदद की है। इसके अलावा चेतना सिन्हा मान देशी सहकारी बैंक भी चलाती है, जो जरूरतमंद महिलाओं को वित्तीय मदद प्रदान करती है।

    सिन्हा को नवाजा जा चुका है कई पुरस्कारों से

    चेतना सिन्हा को अपने अमूल्य योगदान के लिए वर्ष 2013 में सोशल उद्यमी पुरस्कार, 2010 में उद्यमशीलता विकास पुरस्कार, 2006 में माइक्रोफाइनेंस प्रोसेस एक्सीलेंस अवार्ड सहित कई अन्य प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

    सिन्हा ने अपनी पहचान एक सामाजिक उद्यमी, किसान, अर्थशास्त्री, माइक्रोफाइनेंस बैंकर और एक महिला कार्यकर्ता के रूप में स्थापित की है।

    विश्व आर्थिक मंच में ये सात महिला करेगी सह-अध्यक्षता

    अगले महीने दावोस में होने वाले विश्व आर्थिक मंच में महिला भारतीय उद्यमी व सामाजिक कार्यकर्ता चेतना सिन्हा कार्यक्रम की सह-अध्यक्षता करेगी। इसके साथ ही नॉर्वे की प्रधानमंत्री इरना सोलबर्ग, सीईआरएन महानिदेशक फेबिओला गिआनॉटी, इंजी सीईओ इसाबेल कोचर, इंटरनेशनल ट्रेड यूनियन कॉन्फेडरेशन की महासचिव शरण बुरौ, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की प्रबंध निदेशक क्रिस्टीन लैगार्डे और आईबीएम की चेयरमैन व सीईओ गिन्नी रोमेटी विश्व आर्थिक मंच शिखर सम्मेलन में शिरकत करेगी।

    ये सातों महिलाएं विश्व आर्थिक मंच के वार्षिक बैठक की सह-अध्यक्षता करेगी। गौरतलब है कि पहले कई बार पर्याप्त संख्या में महिलाओं का प्रतिनिधित्व नहीं करने से शिखर सम्मेलन की आलोचना की जाती रही है।

    20 सालों में पहली बार भारतीय पीएम करेंगे शिरकत

    पीएम मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे जो करीब 20 सालो में विश्व आर्थिक मंच सम्मेलन में शामिल होंगे।

    इससे पहले साल 1997 में तत्कालीन प्रधानमंत्री एच.डी.देवेगौड़ा ने इस कार्यक्रम में भाग लिया था। स्विट्जरलैंड की आल्पस पहाड़ियों के बीच छोटे सा खूबसूरत शहर दावोस इस कार्यक्रम की मेजबानी करेगा।

    अगले साल जनवरी में होने वाली इस बैठक में भारतीय मूल के सैकड़ों कारोबारी, बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता व राजनेता भी शिरकत करेंगे। हालांकि इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रतिभागियों की अंतिम सूची अगले महीने जारी की जाएगी।