Sat. Apr 27th, 2024
    अनिल-अम्बानी-आरकॉम

    चीनी बैंक द्वारा आरकॉम पर दिवाला होने का केस ठोके जाने के बाद कंपनी के शेयर बुरी तरह से गिर गए। जैसे ही कंपनी ने आज लोगों को यह सुचना दी कि चीनी बैंक ने उनपर दिवाला होने का केस लगाया है, इसके बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर कंपनी के शेयर करीबन 6.37 फीसदी नीचे गिर गए हैं। सुबह 9:19 बजे शेयर बाजार खुलते ही आरकॉम के शेयर नीचे गिरकर 12.50 रूपए पर पहुँच गए हैं।

    हालाँकि बाद में शेयर ने वापसी कर मजबूती अपनायी। अंतिम खबर मिलने तक 2:45 बजे तक आरकॉम का शेयर 4.12 फीसदी नीचे गिरकर 12.80 की कीमत पर रुका हुआ था।

    इसके चलते सेंसेक्स में भी गिरावट देखने को मिली है। सेंसेक्स लगभग 131 पॉइंट नीचे गिर गया है। दोपहर 2:45 बजे तक सेंसेक्स 33,593 रूपए के आसपास बना हुआ था।

    रोजाना की तुलना में आज आरकॉम शेयर की खरीददारी में भी काफी गिरावट आई। हर रोज आरकॉम के करीबन 43.18 लाख शेयर खरीदे और बेचे जाते हैं। आज यह संख्या गिरकर सिर्फ 9.73 लाख ही रह गयी है। दिन में शेयर का अधिकतम प्राइस 13 रूपए रहा और न्यूनतम कीमत 12.20 रूपए रही। हाल ही में शेयर ने अपने 12 महीने का न्यूनतम कीमत 9.60 रूपए प्राप्त की थी।

    आपको बता दें कि कल चीन के एक बैंक ‘चाइना डेवलपमेंट बैंक’ ने आरकॉम के खिलाफ दिवालिया होने का केस दर्ज किया था। इसके बाद कल शेयर बाजार बंद होने के बाद आरकॉम ने स्टॉक एक्सचेंज को इसके बारे में सफाई दी थी। कंपनी ने कहा था कि उन्होंने चीनी बैंक द्वारा दर्ज कराये गए केस पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं की है।

    दरअसल जेएलएफ नामक एक संस्था है जिसके साथ आरकॉम अपने निवेशकों या कर्ज देने वाले लोगों के साथ जुड़ा हुआ है। चीनी बैंक भी इसी संस्था के साथ जुड़ा हुआ है। आरकॉम ने अपने ऊपर दर्ज हुए केस के बाद कहा कि उसे चीनी बैंक से यह आशा नहीं थी कि वह समय से पहले ही कंपनी पर केस ठोक देगा। कंपनी ने आगे कहा कि वे चीनी बैंक समेत सभी कर्जदाताओं से जुड़ी रहेगी।

    इसके अलावा आरकॉम ने बताया कि वह अपनी कंपनी रिलायंस बिग टीवी को बेचने की तैयारी कर रही है। इसके बेचे जाने से वह अपने कर्जदाताओं के कर्ज चुका देगी। इसके लिए कंपनी ने पंटेल टेक्नोलॉजी और वीकोन मीडिया नामक कंपनियों से करार किया है। आरकॉम शेयर के तर्ज पर रिलायंस बिग टीवी को इन दोनों कम्पनीयों को बेचेगी।

    अनिल अम्बानी की कंपनी आरकॉम लगातार घाटे में जा रही है। कंपनी ने साल 2017 की दूसरी तिमाही में 2709 करोड़ रूपए का घाटा दर्ज कराया था। सिर्फ एक साल में कंपनी की बिक्री 48 फीसदी से ज्यादा कम हो गयी है।

    क्या है पूरा मामला?

    दरअसल अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशन ने चाइना डेवलपमेंट बैंक से करीबन 1.78 अरब डॉलर का कर्ज लिया था। आरकॉम के मुताबिक कर्ज चुकाने की अवधि में अभी भी थोड़ा समय बाकी है। इसके बावजूद चीनी बैंक ने आरकॉम के खिलाफ दिवालिया होने का केस नैशनल कॉरपोरेट लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) में दर्ज करा दिया है।

    रिलायंस कम्युनिकेशन पिछले काफी समय से कर्ज में डूबी हुई है। आपको बता दें कि स्वीडन की एक कंपनी एरिक्सन पहले ही आरकॉम से लगभग 1150 करोड़ चुकता करने की कोशिश कर रही है। इसके अलावा मणिपाल टेक्नोलॉजी नामक एक कंपनी भी अपने करीबन 2.74 करोड़ रूपए लेने की कोशिश कर रहे है।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।