Fri. Apr 26th, 2024
    महागठबंधन,कांग्रेस राजद

    चारा घोटाले में लालू यादव को कोर्ट ने एक बार फिर दोषी करार दिया है। कोर्ट के इस फैसले से बिहार की राजनीति में भूचाल आ गया है। लालू के जेल जाने की प्रक्रिया को लेकर पक्ष और विपक्ष में लोग एकजुट हो रहे है। इसको ताक पर रखते हुए कांग्रेस पार्टी ने अपनी प्रतिक्रिया पेश करते हुए कहा है कि राजद सुप्रीमो लालू यादव के साथ कोई भी विपत्ति आये, पार्टी उनके साथ खड़ी है। लालू इसके पहले भी इसी मामले में जेल जा चुके है।

    बिहार के बहुचर्चित चारा घोटाला मामले से जुड़े एक मुकदमे में रांची स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने शनिवार को फैसला सुनाया। इस केस से जुड़े जगन्नाथ मिश्रा, ध्रुव भगत, और विद्या सागर बरी कर दिए गए है। प्रमुख आरोपी व घोटाले के समय बिहार के सीएम रहे लालू प्रसाद यादव, पीएसी के तत्कालीन अध्यक्ष जगदीश शर्मा, आर के राणा, तीन आईएएस अधिकारी फूलचंद सिंह, बेक जूलियस एवं महेश प्रसाद, कोषागार के अधिकारी एस के भट्टाचार्य, पशु चिकित्सक डा. के के प्रसाद तथा शेष अन्य चारा आपूर्तिकर्ताओं को दोषी ठहराया गया है। इस मामले से जुड़े सभी आरोपियों को 3 जनवरी को सजा सुनाई जाएगी। तब तक के लिए इन सब दोषियों को जेल में रखा गया है। इस बार लालू यादव का नया साल जेल में ही मनेगा। लेकिन इन तमाम अटकलों के बाद भी कांग्रेस ने अपनापन दिखाया है।

    लालू यादव के जेल जाने के सन्दर्भ में कांग्रेस ने कहा है कि बिहार और देश को भाजपा मुक्त बनाने का जो सपना कांग्रेस ने देखा है उसमे कांग्रेस के सबसे बड़े सहयोगी राजद रही है। कांग्रेस ने कहा कि पार्टी राजद के साथ हमेशा खड़ा रहेगी।

    वही बिहार कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने कहा कि राजद सुप्रीमो लालू यादव हमेशा से सांप्रदायिक शक्तियों के साथ लड़े है और यही नीति शुरू से कांग्रेस की भी रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद कई सालो से पुरे भारत में भगवाकरण के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे है। कादरी ने कहा कि यह लड़ाई जारी रहेगी।

    बता दे कि भगवाकरण को रोकने के लिए कांग्रेस, राजद और जेडीयू ने महागठबंधन बनाया था। जिसके परिणाम बिहार विधानसभा चुनाव में साफ़ तौर पर दिखे, बहुमत मिलने के बाद सरकार बनी। लेकिन नीतीश इस महागठबंधन के जाल में ज्यादा दिन तक नहीं रहे और भाजपा के हमसफ़र बन गए। जिसके बाद बिहार की राजनीति भगवाकरण को लेकर काफी तेज हो गई है। कांग्रेस और राजद भगवाकरण के खिलाफ एक साथ नजर आ रहे है।

    बिहार कांग्रेस प्रभारी कौकब कादरी ने कहा कि भले ही लालू यादव को चारा घोटाले में दोषी करार मान जेल भेजा गया है, लेकिन कांग्रेस यह भली भांति जानती है कि ऊपरी अदालत से राजद सुप्रीमो को राहत जरूर मिलेगी। कादरी ने पार्टी की प्रशंसा करते हुए कहा कि कांग्रेस वैसी पार्टी नहीं जो सत्ता के लोभ में साथ छोड़ दे। उन्होंने ने कहा कि कांग्रेस कल भी राजद के साथ थी और आगे भी साथ खड़ी रहेगी।