Fri. Apr 26th, 2024
    उत्तर कोरिया चीन

    उत्तर कोरिया पर संयुक्त राष्ट्र द्वारा लगाए गए कड़े प्रतिबंधों के बाद अब चीन की तरफ से भी बयान आया है। चीन ने कहा कि सभी देशों को कोरियाई प्रायद्वीप पर तनाव कम करने के लिए रचनात्मक सहयोग करना चाहिए। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हुई चुनईंग ने सोमवार को कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव से उत्तर कोरिया पर उचित रूप से प्रतिबंध मजबूत हुआ है।

    लेकिन इस प्रस्ताव का निर्माण उत्तर कोरिया पर प्रतिकूल मानवीय प्रभाव बढाने के लिए नहीं किया गया है। साथ ही ये उत्तर कोरिया की नियमित आर्थिक गतिविधियों या मानवीय सहायता को प्रभावित नहीं करेगा।

    साथ ही कहा कि कोरियाई प्रायद्वीप पर अन्य देशों को तनाव कम करने के लिए सकारात्मक और रचनात्मक प्रयास करना चाहिए। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि इस मुद्दे का हल शांतिपूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए।

    उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति में हम सभी देशों से संयम बरतने और उचित तरीके से उत्तर कोरियाई मुद्दे को सुलझाने का अनुरोध करते है। उत्तर कोरिया के पुराने सहयोगी चीन व रूस ने भी उत्तर कोरिया पर नए प्रतिबंधों का समर्थन किया है।

    उत्तर कोरिया ने दी अमेरिका को धमकी

    इन प्रतिबंधों के तहत उत्तर कोरिया में परिष्कृत पेट्रोलियम उत्पादों और कच्चे तेल की पहुंच को सीमित करना व विदेशों में काम करने वाले उत्तर कोरियाई नागरिक को वापिस से अपने देश भेजना शामिल है।

    उत्तर कोरिया पर तेल प्रतिबंध लगने से अब वो परमाणु परीक्षणों को आसानी से पूरा नहीं कर पाएगा। वहीं उत्तर कोरिया ने संयुक्त राष्ट्र के इन प्रतिबंधों को युद्ध का कार्य बताया है। उत्तर कोरिया ने कहा कि ये कदम हमें युद्ध की तरफ प्रेरित कर रहा है।

    वहीं उत्तर कोरिया ने अमेरिका को वापिस से धमकी देते हुए कहा कि वो अपनी आत्मरक्षा के लिए परमाणु हथियारों का परीक्षण अधिक मजबूत करेगा। गौरतलब है कि इस प्रस्ताव को संयुक्त राष्ट्र में सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया है।