Sat. May 4th, 2024
    भारत अफगानिस्तान

    अफगानिस्तान की महिला कैडेट्स भारत में प्रशिक्षण के लिए आई हुई है। दरअसल अफगान नेशनल आर्मी में काम करने वाली 20 महिलाओं का बैच भारत के तमिलनाडु राज्य में सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है।

    अफगान नेशनल आर्मी की विभिन्न शाखाओं जैसे मेडिकल, रसद व अन्य शाखा की महिला कैडेट्स विशेष राइफल्स को पकड़े हुए दिखाई दिए। इसके अलावा प्रशिक्षण अकादमी में इन महिला कैडेट्स ने सैन्य कौशल दिखाया।

    जानकारी के अनुसार अफगानिस्तान में सैन्य प्रशिक्षण के लिए ज्यादा जगह उपलब्ध नहीं है। इसलिए ही अफगान की महिला कैडेट्स भारत में प्रशिक्षण के लिए आए है।

    अफगान नेशनल आर्मी की महिला कैडेट्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम 4 दिसंबर को शुरू हुआ था जो कि तीन सप्ताह तक चलेगा। इस दौरान महिलाओं को गोला-बारूद, हथियारों व अन्य सैन्य उपकरणों को संचालित करने के लिए प्रशिक्षित किया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिलाओं को आत्मरक्षा के गुर भी सिखाए गए है।

    भारत व अफगानिस्तान के बीच है मजबूत संबंध

    गौरतलब है कि भारत, अफगानिस्तान में हुए तालिबान के खिलाफ युद्ध में प्रमुख सहयोगी देश रहा था। भारत व अफगानिस्तान के बीच में काफी मजबूत संबंध स्थापित है।

    नई दिल्ली ने अफगानिस्तान के पुनर्निर्माण और पुनर्वास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके अलावा भारत द्वारा अफगानिस्तान को आर्थिक सहायता पहुंचाई जाती है। अफगानिस्तान के विभिन्न क्षेत्रों में भारत काफी योगदान कर रहा है।

    अमेरिका अफगानिस्तान में शांति बनाए रखने को लेकर भारत से सैन्य मदद की अपील भी करता रहता है। भारत व अफगानिस्तान के बीच में व्यापारिक संबंधों में बढ़ोतरी व मजबूती भी मिली है। इसके अलावा भारत ने अफगानिस्तान में कई बड़ी परियोजना चला रखी है।