Thu. Mar 28th, 2024
    ‘हमें मर जाना कबूल है, भाजपा के साथ जाना कबूल नहीं है’, बिहार सीएम नीतीश कुमार ने भाजपा में जाने के सवाल पर कहा

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा में जाने के सवाल पर कहा है कि वो मर जाएंगे, लेकिन भाजपा के साथ नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि मेरे साथ सरकार में रहते हुए लालू यादव और तेजस्वी को भाजपा ने फंसाने का काम किया है। अब हमारे साथ तेजस्वी हैं, इन्हें दूर करने के लिए फिर से भाजपा फंसाने का काम कर रही है। 

    भाजपा नेता और बिहार विधान परिषद के प्रतिपक्ष के नेता सम्राट चौधरी ने कहा कि आप तो कहते थे मिट्टी में मिल जाएंगे, लेकिन भाजपा के साथ नहीं जाएंगे। फिर भी आपने भाजपा के साथ गठबंधन किया। नीतीश कुमार जी भाजपा ने पिता के समान आपको कंधे पर बैठाकर मुख्यमंत्री बनाया। अभी आप जिसके कंधे पर हैं, उसको भी भाजपा ने ही बनाया। 2024 में आपको कितनी सीट मिलेगी, यह सबको पता है। आपको एक भी सीट नहीं मिलेगी।

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्यपाल फागू चौहान ने पटना के गांधी घाट पर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। संवादाताओं से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बापू तो सबको बचा रहे थे, सबको लेकर चलते थे, इसलिए तो उनकी हत्या हुई। ये किसी को नहीं भूलना है, ये लोग जितना भी भुलवाना चाहें, झगड़ा करवाना चाहें। भूलना नहीं है। “हमें तो मर जाना कबूल है, उनके साथ जाना कबूल नहीं है।”

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आगे कहा कि 2017 में भाजपा दाएं-बाएं लग गई थी। तब हम उनके साथ चले गए, बाद में लग गया कि वे बिल्कुल गलत है। 2020 के चुनाव में जो हमारे साथ किया। हमको जबरदस्ती मुख्यमंत्री बनाया गया, हम बनना नहीं चाहते थे।

    बाद में देखा कि लोग इधर-उधर करने लगे हैं। मेरी पार्टी के सब लोग बोलते थे कि उन्हीं लोगों ने हमें चुनाव हरवाया था। भाजपा के लोग चुनाव जीते वो तो हम लोग के वोट से जीते थे। उन्होंने आगे कहा कि चुनाव होगा तब न देखियेगा। चिंता मत कीजिए। बिहार को ठीक से जान लीजिए।

    अमित शाह ने जदयू के साथ कभी नहीं जाने की बात पर सुशील मोदी पर तंज कसते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि जिसको कुछ नहीं बनाया है, वही आजकल हम पर ज्यादा ही बोल रहे हैं और अभी तक उसको कुछ नहीं बनाया है।

    बीते रविवार को दरभंगा में हुए भाजपा प्रदेश कार्यकारणी की बैठक में प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि उनकी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह से बात हुई है। उन्होंने स्पष्टता से कहा है कि हम किसी भी सूरत में जदयू से नीतीश कुमार से गठबंधन नहीं करेंगे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *