Fri. Mar 29th, 2024
    शत्रुघ्न सिन्हा

    छिंदवाड़ा, 27 अप्रैल| हाल ही में भारतीय जनता पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने मोहम्मद अली जिन्ना की तारीफ करते हुए कहा कि भारत की आजादी और विकास में जिन्ना का भी योगदान है।

    सिन्हा शुक्रवार को छिंदवाड़ा में कांग्रेस उम्मीदवार नकुलनाथ का प्रचार करने आए थे। उन्होंने पांढुर्ना और सौंसर में रात तक कई सभाएं की।

    इस दौरान उन्होंने कहा, “कांग्रेस परिवार महात्मा गांधी से लेकर सरदार वल्लभ भाई पटेल, मो. अली जिन्ना से लेकर जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी से लेकर राजीव गांधी और राहुल गांधी, इनसे पहले सुभाषचंद्र बोस, इनकी पार्टी है। जिनका देश विकास, देश की तरक्की में, देश की आजादी में सबसे महत्वपूर्ण और सबसे बड़ा योगदान है। यही कारण है कि मैं यहां आया हूं और पहली और आखिरी बार कांग्रेस पार्टी में आ गया हूं तो वापस मुड़कर कहीं नहीं जाऊंगा।”

    भाजपा पर तंज कसने के साथ पार्टी छोड़ने की बात पर शायराना अंदाज में सिन्हा ने कहा, “कुछ तो मजबूरियां रहीं होंगी वरना यूं ही कोई बेवफा नहीं होता।”

    सिन्हा के बयान का वीडियो शनिवार सुबह से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उनके इस बयान पर राजनीति गर्माने की भी संभावनाएं बढ़ गई हैं।

    सिन्हा ने मुख्यमंत्री कमलनाथ और नकुलनाथ की मौजूदगी में भाजपा पर जमकर हमला बोला और कहा, “भाजपा वन मेन शो एंड टू मेन आर्मी है, देश और पार्टी उनके लिए मायने नहीं रखती हैं।”

    उन्होंने आगे कहा, “मेरा विश्वास है कि व्यक्ति से बड़ी पार्टी होती है, पार्टी से बड़ा देश होता है। लेकिन भाजपा में उल्टा हो रहा। एक के बाद एक ऐसे फैसले हुए जिसने देश के विकास में बाधा डाली। नोटबंदी खत्म ही नहीं हुई कि अचानक जीएसटी की घोषणा कर दी। कई संशोधन किए। भगवान के मंदिर में पूजा की थाली से लेकर गुरुद्वारे के लंगर पर भी टैक्स लगा दिया गया।”

    अमित शाह नें साधा निशाना

    भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को शत्रुघ्न सिन्हा पर पाकिस्तान के संस्थापक जिन्ना की तारीफ करने को लेकर निशाना साधा। सिन्हा ने कुछ दिन पहले ही भाजपा छोड़कर कांग्रेस का हाथ थामा है।

    ओडिशा के मयूरभंज लोकसभा क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, “शत्रुघ्न सिन्हा को कांग्रेस में गए ज्यादा दिन नहीं हुए हैं और अब वो कह रहे हैं कि जिन्ना भी महात्मा गांधी और सरदार पटेल की तरह एक महान व्यक्ति था। कांग्रेस के नेता अब जिन्ना की तारीफ कर रहे हैं जिसने देश के टुकड़े करवा दिए। यह उनका चरित्र है।”

    मध्यप्रदेश में एक रैली को संबोधित करते हुए शुक्रवार को सिन्हा ने कहा था कि जिन्ना कांग्रेस पार्टी का हिस्सा रहे थे। उन्होंने देश के विकास और स्वतंत्रता के लिए जिन्ना द्वारा किए गए कार्यो को सराहा था।

    भाजपा अध्यक्ष ने अलगाववादी नेता यासीन मलिक की सराहना करने के लिए कांग्रेस नेता पी. सी चाको की भी निंदा की। आतंकी वित्तपोषण के मामले में मलिक 24 मई तक न्यायिक हिरासत में हैं।

    शाह ने कहा कि जब तक भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता जिंदा हैं, तब तक कश्मीर भारत का अभिन्न अंग रहेगा।

    भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “चाको कहते हैं कि मोदी सरकार को यासीन मलिक के खिलाफ कठोर कदम नहीं उठाने चाहिए। मलिक कश्मीर को भारत से अलग कर देना चाहता है। चाको कुछ भी कह सकते हैं, लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि कश्मीर भारत से कभी भी अलग नहीं हो सकता।”

    भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा के लिए उन्होंने बीजू जनता दल (बीजद) की भी निंदा की।

    उन्होंने कहा कि ओडिशा में 20 से ज्यादा कार्यकर्ताओं पर हमले हुए हैं और कई कार्यकर्ताओं को मारा गया है। हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है।

    उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे राज्य में पटनायक सरकार को हटाने और भाजपा सरकार लाने में मदद करें जो राज्य में विकास करेगी।

    बीजद नेताओं पर करोड़ के चिटफंड घोटाले का आरोप लगाते हुए शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार आते ही सभी आरोपियों को 90 दिनों के अंदर जेल भेजा जाएगा।

    शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 50 करोड़ गरीब लोगों के लिए आयुषमान भारत योजना का शुभारंभ किया, लेकिन पटनायक सरकार ने योजना को स्वीकार नहीं किया।

    उन्होंने वादा किया कि ओडिशा की सत्ता में आने पर यह योजना लागू की जाएगी।

    राज्य में लोकसभा और विधानसभा के मतदान एक साथ हो रहे हैं। चौथे चरण में मतदान 29 अप्रैल को होना है।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *