Fri. Apr 19th, 2024
    दिल्ली: भाजपा और आप आमने-सामने, अब 27 फरवरी को होंगे स्थायी समिति के लिए चुनाव

    दिल्ली एमसीडी में स्थायी समिति चुनाव के नतीजे आने के बाद सदन में जमकर हंगामा हुआ। भाजपा और आम आदमी पार्टी आमने-सामने आ गयी। हंगामे के बाद अब सदन को स्थगित कर दिया गया है। स्थायी समिति के लिए चुनाव अब 27 फरवरी को होंगे। आप और भाजपा के पार्षदों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां ​​भी फेंकी गईं।

    सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई, बीच-बचाव के बाद भी पार्षद नहीं माने। मेयर शैली ओबेरॉय के साथ सदन में धक्का-मुक्की भी हुई। इस बीच, मारपीट में भाजपा की नांगलोई वार्ड से पार्षद मीनाक्षी शर्मा घायल हो गईं। उन्होंने कहा कि उन पर किसी नुकीली चीज से हमला किया गया है। वहीं मारपीट के दौरान एक पार्षद भी बेहोश हो गए।

    भाजपा नेता बिजेंद्र गुप्ता ने कहा कि चुनाव नतीजों से छेड़छाड़ की जा रही है। गलत घोषणाएं की जा रही हैं। हमारे कई पार्षद घायल हो गए। एफआईआर कराई जा रही है। जिस तरह से इन्हें पीटा गया है, आम आदमी पार्टी ने दिखा दिया है कि ये गुंडों की पार्टी है।

    आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने आज सिविक सेंटर में गुंडागर्दी दिखाई। स्टैंडिंग कमेटी के चुनाव चल रहे थे। जब वोटों की गिनती शुरू हुई तो भाजपा को हार का अहसास हुआ और हंगामा कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के पुरुष पार्षद ने मेयर शैली ओबेरॉय पर हमला किया था। उन्होंने कहा कि यह कैसा व्यवहार है? यह शर्मनाक और निंदनीय है। देश यह देख रहा है। बीजेपी को अपनी हार मान लेनी चाहिए।

    आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा सदस्य उत्तेजित हो गए और दिल्ली के मेयर पर तब हमला किया जब उन्हें लगा कि वे चुनाव हार जाएंगे। भाजपा पार्षद पंकज लूथरा ने आरोप लगाया कि यह आप की गलती थी जिसके कारण अराजकता हुई।

    भाजपा पार्षद द्वारा डाला गया वोट पंकज लूथरा को पहली वरीयता पर दिया गया है, जबकि गजेंद्र सिंह दराल और कमलजीत सहरावत के सामने 2-2 लिखा गया है। अब मेयर ने दोबारा मतगणना का आदेश दिया है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *