Thu. Apr 25th, 2024
    arvind-kejriwal_

    दिल्ली (Delhi) के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने आज सोमवार को कहा कि वे और उनकी आम आदमी पार्टी हमेशा किसानों के साथ खड़े हैं और किसानों के भारत बंद के एलान का वे समर्थन कर रहे हैं। जाहिर है अरविन्द केजरीवाल आज दिल्ली की सिंघु सीमा पर गए हैं जहाँ किसान पिछले 12 दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता के मुताबिक केजरीवाल किसानों के प्रदर्शन के लिए व्यवस्था और अन्य चीजों की देख-रेख के लिए गए हैं।

    केजरीवाल ने इस बारे में कहा, “हम किसानों की सभी मांगो का समर्थन करते हैं। उनकी समस्याएं और मांगें पूरी तरह से वैध हैं। मेरी पार्टी और मैं हमेशा उनके साथ खड़े हैं। इस प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने मुझसे दिल्ली के 9 स्टेडियम को जेल में बदलने की अनुमति मांगी थी। मुझ पर दबाव डाला गया लेकिन मैंने इसकी अनुमति नहीं दी थी।”

    दिल्ली के गृहमंत्री सत्येंद्र जैन ने पुलिस की इस अनुमति को खारिज किया था। उन्होनें दिल्ली पुलिस को पत्र लिख कर कहा था, “किसानों की मांगें जायज़ हैं। केंद्र सरकार को उनकी मांगें तुरंत मान लेनी चाहिए। किसानों का गिरफ्तार करना समाधान नहीं है। शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक भारतीय का संवैधानिक अधिकार है। उन्हें इसके लिए जेल नहीं हो सकती। इसीलिए दिल्ली सरकार स्टेडियमों को जेलों में बदलने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा मांगी गई अनुमति को अस्वीकार कर रही है।”

    मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के सदस्य किसानों के ‘सेवादार’ बनकर सेवा कर रहे हैं। उन्होनें कहा, “मैं यहाँ मुख्यमंत्री के तौर पर नहीं आया हूँ, बल्कि एक सेवादार के रूप में आया हूँ। किसान आज मुसीबत में हैं और हमें उनके साथ खड़ा होना चाहिए। आप पार्टी 8 दिसंबर को होने वाले भारत बंद का समर्थन करती है और पार्टी के सदस्य देश भर में इसमें हिस्सा लेंगे।”

    आप पार्टी के अलावा कांग्रेस पार्टी, टीआरएस, लेफ्ट पार्टियां, तृणमूल कांग्रेस और आरजेडी ने भी किसानों का समर्थन करने की बात कही है।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *