Sun. Oct 6th, 2024

    देश के मशहूर उद्योगपति व टाटा ग्रुप के प्रमुख रतन टाटा को भारत रत्न देने की मांग उठ रही है। सोशल मीडिया पर यूजर लगातार रतन टाटा को भारत रत्न देने की मांग उठा रहे थे और इसके समर्थन में हैशटैग भी चला रहे थे। यूजर्स ने बहुत सारे ट्वीट किए जिनमें लिखा था कि रतन टाटा को भारत रत्न दिया जाना चाहिए। हालांकि रतन टाटा ने लोगों की भावनाओं का सम्मान किया है, लेकिन इस तरह की मांग उठाने के समर्थन में वे नहीं हैं। उन्होंने इस कैंपेन को बंद करने की बात कही है।

    सोशल मीडिया पर भारत रत्न फॉर रतन टाटा कैम्पेन को चलाया और उसमें लगातार ट्वीट किए गए। रतन टाटा ने ट्विटर पर अपनी प्रतिक्रिया भी दी। रतन टाटा ने ट्वीट करके लिखा कि लोगों के द्वारा व्यक्त की गई भावनाओं का वे सम्मान करते हैं लेकिन वे विनम्र होकर कहते हैं कि इस तरह के अभियान को न चलाया जाए और उसे बंद कर दिया जाए। वे खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि वे भारत की सुख व समृद्धि में योगदान देकर देश के विकास का भागी बन रहे हैं।

    बीते दिन विवेक बिंद्रा नाम के यूट्यूबर और मोटिवेशनल स्पीकर ने ट्वीट किया था की रतन टाटा को भारत रत्न मिलना चाहिए और उन्होंने इसे एक अभियान बताया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस मुहीम से जुड़ें। जिसके बाद लोग इसके साथ जुड़ते चले गए और उसके समर्थन में लगातार ट्वीट करते रहे। कुछ वक्त तक इससे संबंधित ट्वीट टॉप ट्रेंड में रहे, लेकिन उसके बाद रतन टाटा ने अपना ट्वीट कर इस कैंपेन को बंद करने की बात कर दी।

    रतन टाटा के उद्योगों ने भारत को शुरुआत से ही बहुत से बेशकीमती प्रयोग की चीजें दी हैं। उनका योगदान देश के विकास में अतुल्य रहा है। उनके इस ट्वीट के बाद उनकी सराहना पहले से भी अधिक होने लगी है। रतन टाटा के समर्थकों ने उनके लिए बेतहाशा ट्वीट किए हैं। बहुत से लोगों ने उनके बारे में बहुत अच्छी अच्छी बातें लिखी और साथ ही उनके देश के लिए किए गए योगदान को भी गिनवाया। उसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय को टैग करके उन्हें भारत रत्न देने की सिफारिश की गई।

    रतन टाटा एक बिजनेसमैन होने के अलावा भी एक अलग पहचान रखते हैं। उनका पूरा नाम रतन नवल टाटा है। वे मुंबई में साल 1937 में पैदा हुए और आज देश के सबसे बड़े उद्योगपतियों में से एक हैं। उनके उद्योगों से मिलने वाली चीजों से देश का काफी विकास होता है और साथ ही किसी भी आपदा के वक्त हमेशा वे देश के साथ खड़े होते हैं। स्वाभाव से बेहद विनम्र और दरिया दिल रतन टाटा की मैनेजमेंट के चर्चे भी दुनिया भर में मशहूर हैं। इसके लिए उन्हें मैनेजमेंट गुरू भी कहा जाता है। अपने समर्थन में उठी इस मुहिम को बंद कराने के लिए विनम्र अपील के बाद भी उनके काफी चर्चे होने लगे हैं। लोग उनकी तारीफ में और ज्यादा पोस्ट और ट्वीट कर रहे हैं। एक बार फिर से रतन टाटा ट्विटर व सोशल मीडिया की टॉप ट्रेंडिंग में हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *