Tue. Apr 30th, 2024
    चीनी विदेश मंत्री भारत

    चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गेंग शुआंग ने मीडिया को बताया है कि चीन के विदेश मंत्री वांग यी रूस, भारत और चीन के विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान नई दिल्ली में शीर्ष भारतीय अधिकारियों के साथ वार्ता में शामिल होंगे।

    जानकारी के मुताबिक चीनी विदेश मंत्री 10 दिसंबर को बैठक में शामिल होने के लिए नई दिल्ली पहुंचेंगे। यहां पर रूस, चीन व भारत के विदेश मंत्रियों के बीच में उच्चस्तरीय वार्ता होगी। इस बात की जानकारी चीनी विदेश मंत्रालय ने बुधवार को दी।

    गौरतलब है कि भारत व चीन के बीच हुए डोकलाम विवाद के बाद पहली बार चीन का एक वरिष्ठ अधिकारी भारत में पहली उच्चस्तरीय यात्रा पर आएगा। डोकलाम विवाद पर जारी गतिरोध 28 अगस्त को खत्म हो गया था।

    चीनी विदेश मंत्री भारत के नई दिल्ली में 5 वीं आरआईसी बैठक में शिरकत करेंगे। चीन के अलावा रूस भी इसमें शामिल होगा। विदेश मंत्री वांग यी इस दौरान भारत के शीर्ष अधिकारियों के साथ मिलकर बैठक करेंगे।

    आरआईसी बैठक में शामिल होंगे तीनों देश

    आरआईसी बैठक के दौरान तीनों देशों के बीच में अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

    चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने मीडिया को कहा है कि हम मानते है कि तीन देशों के संयुक्त प्रयासों के तहत यह बैठक अपेक्षित परिणामों को प्राप्त करेगी। नई दिल्ली के लिए भी चीनी विदेश मंत्री वांग यी की यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

    गौरतलब है कि इससे पहले आईआरसी बैठक का आयोजन अप्रैल में किया जाना था लेकिन चीन के विदेश मंत्री ने पुष्टि नहीं की थी। डोकलाम विवाद के बाद नई दिल्ली में चीनी विदेश मंत्री का पहली बार आना दोनों देशों के लिए काफी महत्वपूर्ण होगा।