Fri. Mar 29th, 2024
    अपाची हेलीकाप्टर भारतीय सेना

    डोकलाम में भारत और चीन के बीच जारी तनाव के चलते भारतीय सेना ने युद्ध की तैयारी करना शुरू कर दिया है। हालिया खबरों के मुताबिक भारत ने अमेरिका से 6 अपाची हेलीकाप्टर खरीदने का फैसला किया है। अपाची हेलीकाप्टर को विश्व का सबसे आधुनिक लड़ाकू हेलीकाप्टर माना जाता है। इस डील में कुल 4168 करोड़ रूपए खर्च होंगे। इससे पहले अमेरिकी सेना के सैन्य कमांडर ने भारतीय सेना को आधुनिक बनाने के लिए मदद करने की बात कही थी।

    विश्व के सबसे आधुनिक लड़ाकू हेलीकाप्टर कहे जाने वाला अपाची हेलीकाप्टर अत्याधुनिक उपकरणों और हथियारों से लैस है। इस डील के बाद भारतीय सेना में काफी मजबूती आ जायेगी। इससे पहले भारतीय वायु सेना ने अमेरिका से 22 ऐसे हेलीकाप्टर ख़रीदे थे। इसके बाद थल सेना ने भी इसकी मांग की थी। थल सेना के इस प्रस्ताव को भी आखिरकार सरकार ने मंजूर कर दिया। कल रक्षा मंत्री अरुण जेटली की अगुवाई में रक्षा परिषद की बैठक हुई थी, जिसमे इस डील को मंजूर किया गया था।

    डोकलाम में भारत और चीन के बीच तनाव को लगभग 2 महीने हो गए हैं। इस दौरान दोनों और से कई बयानबाजी और एक दूसरे पर आरोप लगाए गए हैं। जहाँ चीन का कहना है कि भारत उसकी सीमा में जबरदस्ती घुस गया है वहीँ भारत के मुताबिक चीन एक विवादित जगह पर रोड नहीं बना सकता। दोनों और से दूसरी सेना को पीछे हटने को कहा जा रहा है। यह मामला अब सिर्फ दोनों देशों के बीच सीमित ना होकर अब अंतराष्ट्रीय मुद्दा बन गया है। जापान और अमेरिका जैसे देश इसपर लगातार नज़र लगाए हुए हैं।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।