Mon. Jul 1st, 2024
    उत्तर-कोरिया-दक्षिण-कोरिया

    उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन के कुशासन व कड़ी नीतियों से दुनिया के ही नहीं बल्कि उनके देश के लोग भी परेशान है। उत्तर कोरिया जहां पर लगातार परमाणु हथियार कार्यक्रमों का विस्तार करते हुए अमेरिका व अन्य देशों को मारने की धमकी दे रहा है। वहीं उत्तर कोरिया के लोगों को ही नहीं बल्कि सैनिकों पर भी कई तरह से प्रतिबंध लगाए जा रहे है।

    हाल ही में एक उत्तर कोरियाई सैनिक ने दक्षिण कोरिया भागने का प्रयास किया था और उसे कई गोलियां मारी गई। अंततः वह दक्षिण कोरिया में घायल अवस्था में पहुंचने में कामयाब भी हुआ।

    अपने एक सैनिक के भागने की खबर के बाद उत्तर कोरिया तानाशाह ने इसका वीडियो तो जारी किया साथ ही में अपनी सीमा को भी मजबूत कर दिया है।

    जब से उत्तर कोरिया से सैनिक भाग कर दूसरे देश में पहुंचा है तब से ही तानाशाह किम जोंग परेशान दिख रहा है। उसे डर है कि कहीं अन्य सैनिक भी इस तरह का कदम न उठा ले।

    सीमा पर सैनिक बरतेंगे अधिक सतर्कता

    इसी के मद्देनजर उत्तर कोरिया ने अब दक्षिण कोरिया के सियोल के नजदीक अपनी सीमा को अधिक मजबूत कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया के सियोल से लगती सीमा पर सैनिकों की तैनाती अधिक कर दी है।

    इसके अलावा उत्तर कोरियाई सैनिकों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसके अलावा कोई सैनिक भविष्य में भागने की कोशिश न कर पाए इस बात की भी कोशिश की जा रही है।

    दरअसल उत्तर कोरिया का एक सैनिक गाड़ी लेकर दक्षिण कोरिया की सीमा की तरफ भाग रहा था लेकिन उसकी गाड़ी बॉर्डर के पास फंस गई। जिसके बाद वो गाड़ी से उतरकर पैदल ही भागने लगा।

    उत्तर कोरियाई सैनिक ने देश को छोड़ने की कोशिश क्या की उस पर उत्तर कोरिया के साथी सैनिकों ने गोलियां चलानी शुरू कर दी। जिसमें से कुछ गोलियां उसके शरीर में भी लगी।

    बाद में सैनिक दक्षिण कोरिया की सीमा में पहुंच चुका था। उसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया और उसका इलाज किया गया। अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।