Fri. May 10th, 2024
सऊदी अरब के विदेश मंत्री

सऊदी अरब के विदेश मंत्री अदेल अल जुबैर गुरूवार को एक दिन की आधिकारिक यात्रा पर पाकिस्तान आएंगे। ट्रिब्यून के मुताबिक अल जुबैर इस्लामाबाद की यात्रा पर आएंगे और और अपने पाकिस्तानी समकक्षी शाह महमूद कुरैशी से मुलाकात करेंगे। वह इस मुलाकात में क्षेत्रीय हालातों और द्विपक्षीय संबंधों की बाबत बातचीत करेंगे।

विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने बताया कि “सऊदी अरब के विदेश मंत्री बीते सप्ताह इस्लामाबाद की यात्रा पर आने वाले थे, वह क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान का एक विशेष सन्देश लेकर आये हैं।” हालाँकि यह दौरा अज्ञात कारणों से स्थगित कर दिया गया था।

बीते माह सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस ने भारत और पाकिस्तान दोनों मुल्कों की यात्रा की थी। नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता में उन्होंने आतंकवाद को संयुक्त चिंता बताया था।

सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने पाकिस्तान में 20 अरब डॉलर का निवेश किया था। क्राउन प्रिंस ने दक्षिण एशिया में सबसे पहले पाकिस्तान की यात्रा की और भारत और पाकिस्तान के मध्य बिचौलिए की भूमिका निभाई थी। पुलवामा आतंकी हमले के बाद दोनो राष्ट्रों के मध्य तनाव बढ़ गया है।

सऊदी अरब पाकिस्तान के ग्वादर बंदरगाह में 10 अरब डॉलर की आयल रिफायनरी का निर्माण करेगा। यह पाकिस्तान और चीन की महत्वकांक्षी परियोजना बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव का मुख्य भाग है। इसके बाद क्राउन प्रिंस तीन दिवसीय यात्रा पर चीन जायेंगे। हाल ही में जमाल खशोगी की हत्या के आरोप के बाद मोहम्मद बिन सलमान ने दक्षिण एशिया के  यात्रा की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में मोहम्मद बिन सलमान ने कहा था कि “साल 2016 से उनके देश ने भारत में 44 अरब डॉलर का निवेश किया है। पीएम मोदी की यात्रा से काफी फायदा हुआ है। हमें यकीन है कि भारत में 100 अरब डॉलर से अधिक के निवेश के अवसर मौजूद है। एकसाथ मिलकर हम भारत और सऊदी अरब दोनों के लिए इस निवेश को फायदेमद बना सकते हैं।”

By कविता

कविता ने राजनीति विज्ञान में स्नातक और पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। वर्तमान में कविता द इंडियन वायर के लिए विदेशी मुद्दों से सम्बंधित लेख लिखती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *