Wed. Jun 26th, 2024
    सऊदी अरब पेंटिंग

    सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने गुपचुप तरीके से लियोनार्डो दा विंची पेंटिंग को खरीदने के लिए अपना प्रतिनिधि भेजा था। द वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक सऊदी अरब के शक्तिशाली क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने सबसे महंगी पेंटिंग खरीदने के लिए अन्य सऊदी अरब प्रिंस को प्रतिनिधि के तौर पर इस्तेमाल किया था।

    इस पेंटिंग को नीलामी के जरिए 450 मिलियन डॉलर में प्रिंस द्वारा खरीदा गया। अमेरिकी सरकार के खुफिया स्त्रोतों ने भी पुष्टि की है कि सऊदी अरब के प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान लियोनार्डो दा विंची के यीशु मसीह की सबसे शानदार व मंहगी पेंटिंग को खरीदा है।

    जानकारी के अनुसार क्राउन प्रिंस मोहम्मद ने इसे खरीदने के लिए अन्य सऊदी प्रिंस का इस्तेमाल किया है। द जर्नल के मुताबिक अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने प्रिंस मोहम्मद की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखी हुई थी और उन्हें पेंटिंग के खरीददार के रूप में पहचाना था।

    प्रिंस बैडर को बनाया खरीदने के लिए अपना प्रतिनिधि

    राजकुमार बैडर कथित तौर पर क्राउन प्रिंस मोहम्मद के मित्र और व्यापारिक भागीदार है। प्रिंस बैडर को ही सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने अपना प्रतिनिधि बनाकर नीलामी के लिए भेजा था।

    गौरतलब है कि हाल ही में क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने सऊदी अरब में भ्रष्टाचार विरोधी अभियान चलाया था। इसके तहत सलमान ने कई शाही परिवारों के सदस्यों को भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार करवाया था।

    अब क्राउन प्रिंस के खुद के इतनी महंगी पेंटिंग को चोरी-छिपे खरीदने की खबर आ रही है। इस खबर के आने के बाद प्रिंस के भ्रष्टाचार को लेकर चल रहे अभियान पर आशंका गहराने लगी है।

    आलोचकों का कहना है कि एक तरफ भ्रष्टाचार विरोधी अभियान चलाया गया और दूसरी तरफ इतनी महंगी पेंटिंग को रहस्यमयी तरीके से प्रिंस द्वारा खरीदा गया है।