Sun. May 19th, 2024
    raghubar das

    रांची, 10 मई (आईएएनएस)| झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास ने शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) अध्यक्ष शिबू सोरेन व उनके बेटे पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर राज्य में भूमि अधिनियमों का उल्लंघन करने को लेकर हमला किया।

    रघुबर दास ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय पर एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “शिबू सोरेन का जन्म रामगढ़ जिले के नेमरा में हुआ था। छोटानगपुर टेनेंसी एक्ट व संथाल परगना टेनेंसी एक्ट के अनुसार एक जनजातीय अपने पुलिस थाने के बाहर जमीन नहीं खरीद सकता।”

    रघुबर दास ने आरोप लगाया कि शिबू सोरेन व हेमंत सोरेन ने भूमि अधिनियमों का उल्लंघन कर बोकारो, दुमका, रांची, साहेबगंज व धनबाद में संपत्तियां व भूमि खरीदीं।

    उन्होंने कहा, “सोरेन परिवार के पक्ष में एक दिन में छह पंजीकरण किए गए।”

    उन्होंने कहा, “मीडिया को सोरेन परिवार को बेनकाब करना चाहिए।”

    यह पूछे जाने पर कि उनकी सरकार मामले में कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है, उन्होंने कहा, “कानून अपना कार्य करेगा। हमें राज्य के विकास के लिए वोट मिला है, बदले की राजनीति के लिए नहीं। मीडिया को सोरेन परिवार को भूमि अधिनियम के उल्लंघन के लिए बेनकाब करना चाहिए।”

    उन्होंने दावा किया कि भाजपा व राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) झारखंड की सभी 14 सीटों पर जीतेगा।

    उन्होंने झारखंड में विपक्ष के महागठबंधन को निहित स्वार्थो की रक्षा के लिए बनाया गया अवसरवादियों का गठबंधन बनाया।

    उन्होंने ‘गरीबी हटाओ’ नारे के लिए कांग्रेस को निशाना बनाया।

    उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने 1971 में गरीबी हटाओ का नारा दिया और अब 2019 में वही नारा इस्तेमाल हो रहा है। कांग्रेस ने 50 सालों में देश से गरीबी खत्म करने के लिए कुछ भी नहीं किया। कांग्रेस ने गरीब लोगों के साथ अन्याय किया और अपनी गरीबी हटाओ योजनाओं के साथ घोटाला किया।”

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *