Mon. May 6th, 2024
    योगी आदित्यनाथ राम मंदिर अयोध्या

    उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने आगामी दुर्गा पूजा और मुहर्रम को मनाने पर निर्देश जारी किये हैं। इस दौरान सरकार के लिए कानून व्यवस्था बनाये रखने का दबाव रहेगा।

    योगी सरकार ने इस दौरान लाउड स्पीकर और डीजे पर प्रतिबन्ध लगाने को कहा है। इसके अलावा दुर्गा पूजा पर निकलने जाने वाली यात्रा पर भी कई शर्तें लगायी हैं। मुहर्रम के दौरान निकाले जाने वाले जुलुस पर भी नियम जारी किये हैं।

    दरअसल उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को बनाये रखने और हिंसात्मक गतिविधि को रोकने पर योगी सरकार को कड़ी चुनौती मिलेगी। सरकार भी इस मामले पर सख्त रुख अपना चुकी है। आदित्यनाथ ने कहा है कि यदि किसी प्रकार की भी हिंसात्मक गतिविधि होती है, तो अगले साल से इन त्योहारों के मनाये जाने पर प्रतिबन्ध लगा दिया जाएगा।

    इसके अलावा सरकार ने पुलिस को इस दौरान शांति बनाये रखने के लिए कड़े कदम उठाने को कहा है। सरकार ने दंगाइयों के खिलाफ सख्त कदम उठाने को कहा है।

    योगी आदित्यनाथ ने खुद प्रदेश के नाजुक इलाकों की जांच की है। इनमे गोरखपुर, अलाहाबाद, वाराणसी, आगरा, लखनऊ, वाराणसी, मेरठ और कानपुर शामिल हैं।

    इस महीने की 26 तारीख को दुर्गा पूजा का उत्सव शुरू होगा। 30 सितम्बर को दशहरा मनाया जाएगा। एवं 1 अक्टूबर को मोहर्रम मनाया जाएगा। इस दौरान हिन्दू-मुस्लिम समुदायों के बीच झड़प को रोकने के लिए भी सरकार को तैयार रहना होगा।

    सरकार ने इस दौरान ख़ुफ़िया एजेंसियों को भी सतर्क रहने को कहा है। खबर है कि 21 सितम्बर को पुलिस प्रशासन योगी सरकार को आने वाले उत्सवों पर सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी देगा।

    इसके अलावा सरकार ने दुर्गा विसर्जन के दौरान नदी में मूर्ति विसर्जन के बजाय तालाब में डुबोने को कहा है, जिससे पानी प्रदुषण को रोका जा सके।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।