Fri. Oct 18th, 2024
    नरेंद्र मोदी

    कोलकाता/नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)| पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उन कार्यकर्ताओं के लगभग 70 रिश्तेदार गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे, जिनकी राज्य मे हत्या कर दी गई है। भाजपा की प्रदेश इकाई के एक नेता ने बुधवार को यह जानकारी दी।

    सभी सदस्य बुधवार को राजधानी एक्सप्रेस से नई दिल्ली ले जाए जाएंगे।

    भाजपा के प्रदेश सचिव तुषार कांति घोष ने आईएएनएस से कहा, “पार्टी ने तृणमूल कांग्रेस द्वारा प्रदेश में फैलाए गए राजनीतिक दंगों में मारे गए अपने कार्यकर्ताओं के परिजनों को राष्ट्रपति भवन में आयोजित मोदी जी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल करने का फैसला किया है। हमने अबतक 70 परिवारों को चिह्नित किया है।”

    उन्होंने कहा, “मारे गए प्रत्येक कार्यकर्ता के परिवार के एक-दो सदस्यों को चुना गया है। हमारे मारे गए लगभग 50 कार्यकर्ताओं के रिश्तेदार जा रहे हैं। उनके 31 मई को लौटने की संभावना है।”

    दिल्ली जाने वालों में पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में हत्या कर फांसी पर लटकाए गए भाजपा के तीन कार्यकर्ताओं -शिशुपाल सहिश, त्रिलोचन महतो और दुलाल सिंह- के रिश्तेदार भी हैं।

    इस आमंत्रण को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल अध्यक्ष ममता बनर्जी को एक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।

    समारोह में आमंत्रित विशिष्ट अतिथियों में बिम्सटेक (बहुक्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग के लिए बंगाल की खाड़ी की पहल) समूह के देशों के साथ-साथ मशहूर हस्तियां और राजनेता शामिल हैं।

    चुनाव के दौरान, मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ राजनीतिक हिंसा का मुद्दा बार-बार उठाया था।

    हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 303 सीटें जीती हैं, और पश्चिम बंगाल में पार्टी का प्रदर्शन शानदार रहा, जहां उसने पिछले लोकसभा चुनाव की दो सीटों के मुकाबले इस बार 18 सीटों पर जीत दर्ज की।

    बिम्सटेक देशों के नेताओं के साथ-साथ किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सूरोन्बे जीनबेकोव और मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ ने गुरुवार के कार्यक्रम में शामिल होने की पुष्टि की है।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *