Mon. Feb 24th, 2025

    मध्य प्रदेश के महू शहर से एक बड़ी घटना सामने आई है। घटना में 6 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना उस वक्त की है जब इंदौर से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित महू के पातालपानी इलाके में रहने वाले व्यवसायी पुनीत अग्रवाल के फार्महाउस में लगी हुई लिफ्ट गिर गई।

    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम को पुनीत अग्रवाल के फार्महाउस पर नए साल के जश्न का आयोजन किया गया था। इस दौरान पुनीत भी अपने परिवार के साथ वहां पर मौजूद थे। शाम को करीब 6 बजे, जब व्यवसायी लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे। उस दौरान मशीन की बैल्ट टूट गई और लिफ्ट नीचे आ गिरी।

    अतिरिक्त पुलिस आयुक्त धर्मराज मीणा ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि इस घटना में छह लोग मारे गए जिसमें कई अन्य घायल हो गए। हालांकि, उन्होंने पीड़ितों की पहचान का खुलासा नहीं किया। उन्होंने कहा है कि घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।

    हालांकि सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हादसे के वक्त लिफ्ट में पुनीत अग्रवाल और उनके कुछ रिश्तेदार थे।

    बता दें, पुनीत अग्रवाल देश के सबसे बड़े ठेकेदारों में से एक हैं। उनकी कंपनी, पाथ इंडिया, मुख्य रूप से पुल निर्माण, राजमार्ग निर्माण और टोल रोड के निर्माण और रखरखाव से संबंधित है। इन्होंने कई राज्यों में कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर काम किया है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *